कनाडा में एक बार फिर भारतीय नागरिक की हत्या का मामला सामने आया है। टोरंटो यूनिवर्सिटी के स्कारबोरो कैंपस के पास 20 वर्षीय भारतीय पीएचडी छात्र शिवांक अवस्थी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जनता से मदद मांगी है।
डॉक्टरेट की पढ़ाई कर रहे शिवांक अवस्थी को मंगलवार, 23 दिसंबर को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में पाया गया था। पुलिस के अनुसार, यह साल 2025 में टोरंटो का 41वां हत्याकांड है।
पुलिस का बयान
टोरंटो पुलिस ने बुधवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया,
“मंगलवार दोपहर करीब 3:34 बजे, हाईलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्स्टन रोड इलाके से एक कॉल मिली। मौके पर पहुंचने पर अधिकारियों ने बंदूक की गोली से गंभीर रूप से घायल एक युवक को पाया, जिसे घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया।”
पुलिस ने कहा कि अधिकारी पहुंचने से पहले ही संदिग्ध मौके से फरार हो चुके थे।
इस मामले से जुड़ी जानकारी देने वाले लोग 416-808-7400, क्राइम स्टॉपर्स के गुमनाम नंबर 416-222-TIPS (8477) या www.222tips.com
पर संपर्क कर सकते हैं।
भारतीय दूतावास ने जताया शोक
शिवांक अवस्थी की हत्या पर भारत के टोरंटो स्थित महावाणिज्य दूतावास ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा गया कि दूतावास पीड़ित परिवार के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है।
बयान में कहा गया,
“टोरंटो यूनिवर्सिटी के स्कारबोरो कैंपस के पास हुई गोलीबारी में युवा भारतीय डॉक्टरेट छात्र शिवांक अवस्थी की दुखद मृत्यु पर हम गहरा शोक व्यक्त करते हैं।”
एक हफ्ते पहले भी हुई थी भारतीय महिला की हत्या
गौरतलब है कि एक हफ्ते पहले टोरंटो में 30 वर्षीय भारतीय महिला हिमांशी खुराना की भी हत्या कर दी गई थी। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के एक दिन बाद पुलिस को उसका शव एक आवास से मिला था।
पुलिस ने इस मामले में 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री हत्या का वारंट जारी किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी टोरंटो का निवासी है और मृतका के साथ उसके निजी संबंध थे।
कनाडा में भारतीय नागरिकों की लगातार हो रही हत्याओं ने प्रवासी भारतीय समुदाय और छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Comments are closed.