ग्लासगो में भारत की स्वर्णिम जीत, 7 गोल्ड और 3 सिल्वर के साथ रचा इतिहास

1

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए सात स्वर्ण और तीन रजत पदक जीतकर अपना अभियान समाप्त किया।

बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भारत ने पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया और किसी एक कॉमनवेल्थ गेम्स संस्करण में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज कराया। अभियान के आखिरी दिन भारत के खाते में एक और पदक जुड़ा। पुरुषों के 90+ किलोग्राम वर्ग के फाइनल में नरेंद्र को इंग्लैंड के डमार थॉमस के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। सर्वसम्मत फैसले के साथ थॉमस ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि नरेंद्र ने रजत पदक अपने नाम किया।

इससे पहले अंकुश पांघल ने पुरुषों के 80 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में इंग्लैंड के डिमेजी शिट्टू को 4-1 के स्प्लिट फैसले से हराकर भारत को सातवां स्वर्ण पदक दिलाया। अंकुश के अलावा सचिन सिवाच, जैस्मिन लंबोरिया, प्रीति पवार, साक्षी चौधरी, अरुंधति चौधरी और प्रिया घांघस ने भी स्वर्ण पदक जीतकर भारत के शानदार अभियान को यादगार बनाया।

महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग में साक्षी चौधरी ने इंग्लैंड की रूबी व्हाइट को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर अपने करियर का पहला कॉमनवेल्थ गेम्स स्वर्ण पदक जीता। साक्षी ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और शानदार फुटवर्क, सटीक जैब्स तथा बेहतरीन डिफेंस के दम पर पूरे मुकाबले में बढ़त बनाए रखी।

इसके बाद महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग में प्रिया घांघस ने कनाडा की मैरी-बाथौल को 4-1 से हराकर भारत के लिए एक और स्वर्ण पदक जोड़ा। वहीं महिलाओं के 70 किलोग्राम वर्ग में अरुंधति चौधरी ने इंग्लैंड की चैंटेल रीड को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और भारत की स्वर्णिम जीत का सिलसिला जारी रखा।

ग्लासगो में भारतीय मुक्केबाजों के इस शानदार प्रदर्शन ने नया इतिहास रच दिया। सात स्वर्ण और तीन रजत पदकों के साथ भारत ने न केवल बॉक्सिंग पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया, बल्कि कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में बॉक्सिंग में अपना अब तक का सबसे सफल अभियान भी पूरा किया।

आज भारत के मुक्केबाजों का प्रदर्शन
गोल्ड: प्रीति पवार ने महिलाओं के 54kg फाइनल में स्कारलेट सवाना डेलगाडो (कनाडा) को 5-0 से हराया।
गोल्ड: जैस्मिन लंबोरिया ने महिलाओं के 57kg फाइनल में माइकेला वॉल्श (उत्तरी आयरलैंड) को 5-0 से हराया।
सिल्वर: जादुमणि सिंह ने पुरुषों के 55kg फाइनल में जे डिक्सन (ऑस्ट्रेलिया) को हराया।
गोल्ड:साक्षी चौधरी ने महिलाओं के 51kg फाइनल में रूबी व्हाइट (इंग्लैंड) को हराया।
गोल्ड: प्रिया घांघस ने महिलाओं के 60kg फाइनल में मैरी-बथौल अल-अहमदिएह (कनाडा) को 4-1 से हराया।
गोल्‍ड: अरुंधति चौधरी ने महिलाओं के 70kg फाइनल में इंग्लैंड की चैंटेल रीड को बुरी तरह हराकर गोल्ड मेडल जीता।

Comments are closed.