भारत की ऐतिहासिक हार: इन 5 कारणों ने बिगाड़ा खेल

3

IND vs NZ ODI 2026: घर में फिर शर्मसार हुई टीम इंडिया, इन 5 ‘विलेन’ ने बिगाड़ा खेल

2024 में न्यूजीलैंड से घर पर 0-3 से टेस्ट सीरीज गंवाने वाली भारतीय टीम को 2026 में एक बार फिर कीवी टीम ने घरेलू मैदान पर झटका दिया है। इंदौर में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे में न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

विराट कोहली ने अपने वनडे करियर का 54वां शतक जरूर जड़ा, लेकिन उनकी यह शानदार पारी भी भारत को हार से नहीं बचा सकी। यह 37 साल में पहली बार है जब भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ घर पर वनडे सीरीज गंवाई है।

गौर करने वाली बात यह है कि 2024 में गौतम गंभीर की कोचिंग में भारत ने 36 साल बाद न्यूजीलैंड से टेस्ट सीरीज गंवाई थी और अब 2026 में उन्हीं की कोचिंग में टीम इंडिया ने 37 साल बाद घर पर वनडे सीरीज भी गंवा दी। इस हार ने टीम चयन, रणनीति और सीनियर खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

तो आखिर भारत की इस घरेलू हार के असली विलेन कौन रहे? एक नजर डालते हैं—

1. पावरप्ले में रोहित शर्मा का फ्लॉप शो

कप्तान रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ पूरी वनडे सीरीज में लय में नजर नहीं आए। तीनों मैचों में वह टीम को तेज शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे और सस्ते में आउट होते चले गए।

असिस्टेंट कोच रयान टेन ने भी माना कि रोहित को मैच प्रैक्टिस की कमी खली। उन्होंने खुलकर खेलने के बजाय कप्तान शुभमन गिल और विराट कोहली पर दबाव डाल दिया। रोहित ने सीरीज में क्रमशः 26, 24 और 11 रन की पारियां खेलीं, जो घरेलू सीरीज में कप्तान के लिहाज से बेहद निराशाजनक रहा।

2. रवींद्र जडेजा का ऑलराउंड फ्लॉप

स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ना बल्ले से चले और ना गेंद से असर छोड़ पाए। बीच के ओवरों में विकेट निकालने में नाकाम रहने का खामियाजा टीम इंडिया को भुगतना पड़ा।

तीसरे वनडे में जडेजा ने 6 ओवर में 41 रन दिए और एक भी विकेट नहीं लिया। वहीं पूरी सीरीज में उनके बल्ले से सिर्फ 4, 27 और 12 रन निकले। एक मैच विनर ऑलराउंडर से ऐसा प्रदर्शन टीम की हार की बड़ी वजह बना।

3. मिडिल ऑर्डर की नाकामी

रोहित और जडेजा ही नहीं, बल्कि मिडिल ऑर्डर भी पूरी तरह फ्लॉप रहा। श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जैसे अनुभवी बल्लेबाज निर्णायक मुकाबले में दबाव नहीं झेल पाए।

तीसरे वनडे में भारत का स्कोर एक समय 28/0 था, लेकिन देखते ही देखते 71 रन पर चार विकेट गिर गए। नौ ओवर के भीतर चार विकेट गिरना मिडिल ऑर्डर की कमजोरी को उजागर करता है। विराट कोहली ने 124 रन की शानदार पारी खेली, नीतीश कुमार रेड्डी ने 52 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज पूरी तरह फेल रहे।

4. कुलदीप यादव का महंगा स्पेल

स्पिनर कुलदीप यादव भी तीसरे वनडे में टीम के लिए कमजोर कड़ी साबित हुए। उन्होंने 6 ओवर में 48 रन लुटाए और सिर्फ एक विकेट हासिल किया। मिडिल ओवरों में रन रोकने और दबाव बनाने में उनकी नाकामी ने न्यूजीलैंड को खुलकर खेलने का मौका दिया।

5. केएल राहुल का साथ न मिलना

दूसरे वनडे में शतक जड़ने वाले केएल राहुल निर्णायक मुकाबले में विराट कोहली का साथ नहीं दे पाए। वह सिर्फ 6 गेंदों में 1 रन बनाकर आउट हो गए।

अगर राहुल कोहली के साथ कुछ देर टिक जाते और साझेदारी बनती, तो भारत के लिए मैच का नतीजा अलग हो सकता था। लेकिन उनका जल्दी आउट होना टीम पर भारी पड़ा।

Comments are closed.