कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की पदकों की झड़ी, नीरज ने जीता सिल्वर और यशवीर ने ब्रॉन्ज

0

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पुरुष जैवलिन थ्रो फाइनल में भारत ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए।

स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल जीता, जबकि यशवीर सिंह ने शानदार वापसी करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इस बीच, पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम शुरुआती दौर में ही बाहर हो गए और पदक की दौड़ में जगह नहीं बना सके।

मुकाबला ठंडे मौसम और तेज हवाओं के बीच खेला गया। नीरज ने पहले प्रयास में 80.97 मीटर का थ्रो किया और दूसरे प्रयास में 85.83 मीटर की दूरी तय कर मजबूत दावेदारी पेश की। हालांकि, श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ने 89.75 मीटर का शानदार थ्रो फेंककर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इसके बाद नीरज अपने शेष प्रयासों में इस दूरी को पार नहीं कर सके और 85.83 मीटर के साथ सिल्वर मेडल पर संतोष करना पड़ा।

भारत के तीनों एथलीट—नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यशवीर सिंह—टॉप-8 में जगह बनाने में सफल रहे। दूसरी ओर, अरशद नदीम का पहला प्रयास फाउल रहा और शुरुआती तीन थ्रो के बाद वह शीर्ष-8 में भी जगह नहीं बना सके, जिसके चलते उनका अभियान समय से पहले ही समाप्त हो गया।

यशवीर सिंह ने आखिरी प्रयास में शानदार प्रदर्शन करते हुए 85.41 मीटर का पर्सनल बेस्ट थ्रो फेंका। इस प्रयास ने उन्हें सीधे तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया और उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया। नीरज के सिल्वर और यशवीर के ब्रॉन्ज के साथ भारत ने पुरुष जैवलिन थ्रो स्पर्धा में दोहरे पदक जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना दबदबा कायम रखा।

Comments are closed.