अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए बीफ, कॉफी और कई उष्णकटिबंधीय फलों पर लगाए गए आयात शुल्क वापस ले लिए। यह कदम उपभोक्ताओं की उस बढ़ती नाराज़गी के बीच आया है, जिसमें लोग महंगाई को अपने बजट पर भारी बोझ बताते रहे हैं।
महंगाई से परेशान अमेरिकी
टैरिफ के कारण अमेरिका में खाद्य वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही थीं। बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की जेब पर असर डाला और हालिया मेयर चुनावों में भी यह मुद्दा प्रमुख रहा। इसी दबाव के बीच ट्रंप प्रशासन को अपने रुख में बदलाव करना पड़ा।
चार देशों के साथ व्यापार ढांचा समझौते
ट्रंप ने आदेश पर हस्ताक्षर करने से पहले घोषणा की कि अमेरिका ने इक्वाडोर, ग्वाटेमाला, अल सल्वाडोर और अर्जेंटीना के साथ समझौते किए हैं, जिनके तहत इन देशों से आने वाले कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क कम किया जाएगा। उन्होंने हाल ही में संकेत दिया था कि कॉफी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए शुल्क में कमी की जाएगी।
बीफ के दाम बड़ी चिंता
हालांकि ट्रंप लंबे समय से दावा करते रहे हैं कि टैरिफ से उपभोक्ता कीमतें नहीं बढ़तीं, लेकिन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे बीफ के दाम प्रशासन के लिए चुनौती बने हुए थे। ब्राजील से आने वाले बीफ पर लगाए गए टैरिफ भी कीमतें बढ़ने की एक बड़ी वजह माने गए।
Comments are closed.