नेतन्याहू का बड़ा आरोप: ईरान ने मेरी और ट्रंप की हत्या की साजिश रची, इजरायल-ईरान युद्ध और गहराया
ईरान-इजरायल तनाव के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने कहा है कि ईरान ने न सिर्फ उनकी, बल्कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भी हत्या की साजिश रची थी। यह बयान ऐसे वक्त आया है जब इजरायल ने ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर भारी हवाई हमले किए हैं।
मिसाइल बेस तबाह, परमाणु कार्यक्रम को झटका
सैटेलाइट तस्वीरों में ईरान के तबरीज और करमानशाह स्थित मिसाइल बेसों को गंभीर नुकसान होता दिख रहा है। इजरायली सेना का दावा है कि इन हमलों से ईरान का परमाणु कार्यक्रम वर्षों पीछे चला गया है।
ट्रंप बोले: मैं ईरान-इजरायल के बीच करवा सकता हूं समझौता
इस बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे ईरान और इजरायल के बीच शांति समझौता करवा सकते हैं, जैसे उन्होंने अन्य दुश्मन देशों के बीच कराए थे। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा, “ईरान और इजरायल को समझौता करना चाहिए, और वे करेंगे भी। मैंने भारत और पाकिस्तान के बीच भी व्यापार के ज़रिए तनाव को खत्म किया था।”
ईरान ने फिर दागीं मिसाइलें, पूरे इजरायल में अलर्ट
ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए शिराज शहर से इजरायल पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिससे हाइफ़ा, तेल अवीव, यरुशलम समेत कई शहरों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया। हमले के बाद हाइफा में भीषण आग देखी गई और कम से कम चार लोगों के घायल होने की खबर है।
ईरान और इजरायल के बीच हालात बेहद गंभीर हो चले हैं और दोनों देशों के बयानों व हमलों से संकेत मिल रहा है कि यह संघर्ष जल्द थमने वाला नहीं है।
Comments are closed.