IND vs NZ: रिकॉर्ड पारी के बाद भी ईशान किशन बाहर! प्लेइंग-11 में इस खिलाड़ी को मिलेगा मौका

1

रायपुर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 मैच में ईशान किशन ने जबरदस्त बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया।

उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों पर 76 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। ईशान ने महज 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया और इस दौरान उन्होंने अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने पहले टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी।

हालांकि, इतनी धमाकेदार पारी खेलने के बावजूद ईशान किशन की टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में जगह अब भी पूरी तरह पक्की नहीं मानी जा रही है। टीम मैनेजमेंट के समीकरणों के चलते उन्हें इस सीरीज के चौथे टी20 के बाद बाहर बैठना पड़ सकता है।

क्यों खतरे में है ईशान किशन की जगह?

दरअसल, ईशान किशन को टीम में मौका तिलक वर्मा की गैरमौजूदगी के चलते मिला है। जैसे ही तिलक फिट होकर वापसी करेंगे, भारतीय टीम का बैटिंग ऑर्डर फिर से संतुलित किया जाएगा। तिलक वर्मा भारत के नंबर 3-4 के स्थायी बल्लेबाज माने जाते हैं और उन्होंने हाल के समय में लगातार मैच जिताऊ पारियां खेली हैं। ऐसे में उनकी वापसी के साथ ही प्लेइंग-11 में जगह लगभग तय मानी जा रही है, जिसका सीधा असर ईशान किशन पर पड़ सकता है।

तिलक वर्मा की चोट और वापसी अपडेट

तिलक वर्मा टेस्टिकुलर टॉर्शन की समस्या के कारण सर्जरी से गुजरे हैं। इसी वजह से वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों से बाहर रहे। फिलहाल वह बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं और संकेत मिल रहे हैं कि वह जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं।

टी20 में तिलक वर्मा का दमदार रिकॉर्ड

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तिलक वर्मा का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 40 टी20 मैचों में 1183 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम 2 शतक और 6 अर्धशतक दर्ज हैं। उनका स्ट्राइक रेट 144 का है, जबकि औसत करीब 50 के आसपास रहता है। यही वजह है कि टी20 फॉर्मेट में उन्हें भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिना जाता है।

Comments are closed.