फ्लाईदुबई विमान घटना: भारतीय पायलट स्मित मच्छर को इजरायल देगा सर्वोच्च नागरिक वीरता सम्मान, राष्ट्रपति हर्जोग ने की घोषणा
फ्लाईदुबई विमान हादसा टालने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छर को मिलेगा इजरायल का सर्वोच्च नागरिक वीरता सम्मान
फ्लाईदुबई की उड़ान में संकट के दौरान अदम्य साहस और सूझबूझ दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को इजरायल सम्मानित करेगा। इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने गुरुवार को ऐलान किया कि मच्छर को नागरिक वीरता के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार दिया जाएगा। फिलहाल कैप्टन मच्छर अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार चल रहा है।
यरुशलम में छह इजरायली नागरिकों को सम्मानित करने के कार्यक्रम में राष्ट्रपति हर्जोग ने भारतीय पायलट की बहादुरी का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिन इजरायली नागरिकों को आज सम्मानित किया जा रहा है, उनके साथ वे भारत के कैप्टन स्मित मच्छर के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना करते हैं।
हर्जोग ने कहा कि मच्छर की बहादुरी, साहस और पेशेवर दक्षता ने एक बड़ी त्रासदी को टालने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने भरोसा जताया कि कैप्टन के स्वस्थ होने के बाद उन्हें इजरायल की जनता की ओर से यह सम्मान प्रदान करने का अवसर मिलेगा।
को-पायलट ने कुल्हाड़ी से किया था हमला
यह घटना पिछले सप्ताह फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुई थी, जो दुबई से तेल अवीव जा रही थी। विमान में सवार ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने कथित तौर पर कैप्टन स्मित मच्छर पर कुल्हाड़ी से हमला किया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की।
विमान में उस समय करीब 180 लोग सवार थे। गंभीर खतरे के बीच कैप्टन मच्छर ने धैर्य और पेशेवर कौशल का परिचय दिया। उनकी बहादुरी से संभावित बड़े हादसे को टालने में मदद मिली। इसके बाद विमान की सऊदी अरब में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।
नेतन्याहू ने भी बताया था दुनिया का हीरो
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी कैप्टन मच्छर से बातचीत कर चुके हैं। उन्होंने भारतीय पायलट की बहादुरी की सराहना करते हुए उन्हें इजरायल, भारत और दुनिया का हीरो बताया था। नेतन्याहू ने उन्हें इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया था।
7 अक्टूबर के हमलों के बाद शुरू हुआ पुरस्कार
इजरायली राष्ट्रपति ने 7 अक्टूबर 2023 के हमलों के बाद नागरिक वीरता पुरस्कार की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य उन लोगों को सम्मानित करना है, जिन्होंने संकट के समय दूसरों की जान बचाने या उनकी सुरक्षा के लिए असाधारण साहस दिखाया हो।
कैप्टन स्मित मच्छर को सम्मानित करने की घोषणा विमान में यात्रियों की सुरक्षा के लिए उनके साहसिक प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता के रूप में देखी जा रही है।
Comments are closed.