इजरायल ने गाजा पट्टी के सबसे बड़े शहर गाजा सिटी पर कब्जे का अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार-बुधवार की रात इजरायली टैंक गोलाबारी करते हुए शहर में दाखिल हुए और कई खाली मकान ढहा दिए। कई जगहों पर सेना और हमास लड़ाकों के बीच सीधा संघर्ष हो रहा है।
इजरायली सेना बनाम हमास
एएनआई के मुताबिक, इजरायली सेना की गीवाती ब्रिगेड ने हमास की टुकड़ी को निशाना बनाया और उनके शस्त्रागार को तबाह किया। कार्रवाई के दौरान इजरायली वायुसेना की बमबारी में हमास कमांडर महमूद अल-असौद मारा गया।
कब्जे की योजना और अंतरराष्ट्रीय विरोध
करीब दो साल से जारी युद्ध में इजरायल गाजा सिटी पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं कर पाया था। इसी महीने इजरायल ने ऐलान किया था कि वह इस शहर पर स्थायी कब्जा जमाने के लिए जमीनी अभियान शुरू करेगा। इस घोषणा की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ी आलोचना हुई है और कई देशों ने इसके गंभीर नतीजों की चेतावनी दी है।
मानवीय संकट गहराया
सेना फिलहाल गाजा सिटी के सीमावर्ती इलाकों में कार्रवाई कर रही है। ज्यादातर लोग सुरक्षा के लिए पहले ही घर छोड़ चुके हैं। आईडीएफ ने नागरिकों से शहर खाली करने की अपील की है। संयुक्त राष्ट्र और फलस्तीनी अधिकारियों ने विस्थापितों के लिए 15 लाख टेंटों की मांग की है।
हवाई हमले और धार्मिक संस्थान
जमीनी कार्रवाई के साथ-साथ इजरायली विमान लगातार बमबारी कर रहे हैं। गाजा सिटी के अलावा जबालिया शरणार्थी क्षेत्र को भी निशाना बनाया गया है। इस बीच ग्रीक ऑर्थोडॉक्स और लैटिन पैट्रिआर्चेट ने कहा है कि उनके चर्च और सेवक गाजा सिटी नहीं छोड़ेंगे।
सीरिया पर भी हमला
इसी दौरान इजरायल ने दमिश्क के पास ड्रोन हमला किया, जिसमें छह सीरियाई सैनिक मारे गए और कई घायल हुए। यह जानकारी सीरियाई सरकारी अखबार अल-इखबारिया ने दी।
Comments are closed.