गाजा में फिर रक्तपात: राहत सामग्री लेने पहुंचे लोगों पर इजरायली सेना की गोलीबारी, 24 की मौत
गाजा में मानवीय संकट लगातार गहराता जा रहा है। शनिवार को रफाह शहर में उस समय भयावह दृश्य देखने को मिला जब राहत सामग्री के लिए जा रहे फिलिस्तीनी नागरिकों पर इजरायली सेना ने गोलीबारी की। इस घटना में कम से कम 24 लोगों की जान चली गई, जबकि दर्जनों घायल हुए हैं। पीड़ित अमेरिकी राहत संगठन GHF के वितरण केंद्र की ओर जा रहे थे।
संयुक्त राष्ट्र का खुलासा: राहत लेने आए 798 लोगों की अब तक मौत
संयुक्त राष्ट्र ने शुक्रवार को एक चौंकाने वाला आंकड़ा जारी किया, जिसमें बताया गया कि गाजा में राहत सामग्री के लिए कतार में लगे 798 नागरिक— जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं—इजरायली हमलों में मारे जा चुके हैं। शनिवार की घटना ने इस सिलसिले को और लंबा कर दिया है।
इजरायली हमले जारी, 28 और की गई जानें
शनिवार को गाजा के अलग-अलग हिस्सों में हुए ताजा हवाई हमलों में 28 और लोग मारे गए, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं।
दीर अल-बलाह में 13 लोगों की मौत
खान यूनिस में 15 नागरिकों की जान गई
इजरायली सेना का दावा है कि उन्होंने दो दिनों में 250 से अधिक “आतंकी ठिकानों” को निशाना बनाया, जिनमें हमास के लड़ाके छिपे हुए थे।
अक्टूबर 2023 से अब तक 57,000 से अधिक मौतें
इस युद्ध की शुरुआत 7 अक्टूबर, 2023 को हुई थी, जब हमास ने इजरायल पर हमला कर 1,200 लोगों को मार डाला और 251 लोगों को बंधक बना लिया। इजरायल की जवाबी कार्रवाई में अब तक 57,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
युद्धविराम की कोशिशें, लेकिन ज़मीनी हालात जटिल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि एक नया युद्धविराम प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, और दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने की उम्मीद है। फिलहाल, हमास के पास करीब 50 बंधक अब भी मौजूद हैं, जिनमें से केवल 20 के जीवित होने की संभावना जताई गई है।
गाजा में जारी संघर्ष अब भी आम नागरिकों की जान पर भारी पड़ रहा है। राहत लेने निकले लोग भी सुरक्षित नहीं हैं। जबकि युद्धविराम की कोशिशें जारी हैं, लेकिन बार-बार हो रही हिंसक घटनाएं इस दिशा में सबसे बड़ी बाधा बनती दिख रही हैं।
Comments are closed.