इजरायली हमलों से ईरान को बड़ा झटका: IRGC खुफिया प्रमुख की हत्या, बंकर में छिपे खामेनेई
ईरान की राजधानी तेहरान में हुए इजरायली हमलों ने देश के सैन्य और खुफिया ढांचे को हिलाकर रख दिया है। ईरानी सरकारी मीडिया ने पुष्टि की है कि इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के खुफिया प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद काजमी और उनके डिप्टी हसन मोहाकिक हमले में मारे गए हैं। इसके अलावा IRGC के तीसरे वरिष्ठ अधिकारी मोहसिन बाघेरी की भी मौत हुई है।
खामेनेई परिवार समेत बंकर में
हमलों के बाद रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई को तेहरान के लवीजान इलाके में स्थित एक अंडरग्राउंड बंकर में शिफ्ट कर दिया गया है। वे अपने पूरे परिवार के साथ वहीं मौजूद हैं। ‘टाइम्स ऑफ इजरायल’ के अनुसार, इससे पहले भी अप्रैल और अक्टूबर 2024 में इजरायली हमलों के दौरान खामेनेई इसी बंकर में छिपे थे।
खामेनेई को क्यों नहीं बनाया निशाना?
रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायल ने ऑपरेशन की शुरुआत में जानबूझकर खामेनेई को निशाना नहीं बनाया। मकसद था उन्हें यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम बंद करने का अंतिम मौका देना। टाइम्स ऑफ इजरायल ने सूत्रों के हवाले से यह दावा किया है।
हथियार फैक्ट्रियों और सैन्य ढांचे पर हमला
इजरायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने बताया कि उसके हवाई हमले ईरान की हथियार निर्माण क्षमताओं को कमजोर करने पर केंद्रित थे। हमलों में IRGC, कुद्स फोर्स और अन्य सैन्य ठिकानों को बड़ा नुकसान पहुंचाया गया। IDF के अनुसार, ईरान में हथियार निर्माण से जुड़ी कई फैक्ट्रियां इस हमले में पूरी तरह तबाह हो गईं।
यह हमला ईरान के लिए न केवल सैन्य बल्कि मनोवैज्ञानिक स्तर पर भी एक बड़ा आघात माना जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इससे ईरान का खुफिया नेटवर्क कमजोर हुआ है और आने वाले दिनों में इसका असर उसकी सैन्य रणनीति पर दिख सकता है।
Comments are closed.