अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी की पोती और चर्चित पर्यावरण पत्रकार तातियाना श्लॉसबर्ग का मंगलवार सुबह कैंसर से निधन हो गया। वह 35 वर्ष की थीं। परिवार ने उनके निधन की जानकारी जॉन एफ कैनेडी लाइब्रेरी फाउंडेशन के इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए साझा की।
परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया, “हमारी प्यारी तातियाना आज सुबह हमें छोड़कर चली गईं। वह हमेशा हमारे दिलों और यादों में जीवित रहेंगी।” उनके निधन की खबर से अमेरिका समेत दुनिया भर में शोक की लहर है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
यह भावुक संदेश तातियाना के पति जॉर्ज मोरन, उनके बच्चों, माता-पिता कैरोलिन कैनेडी और एडविन श्लॉसबर्ग, भाई-बहन जैक और रोज की ओर से साझा किया गया। तातियाना दो छोटे बच्चों की मां थीं। उनकी बेटी का जन्म मई 2024 में हुआ था और उसी दौरान उन्हें गंभीर बीमारी का पता चला।
कैनेडी परिवार पहले ही कई त्रासदियों से गुजर चुका है और तातियाना का निधन परिवार के लिए एक और गहरा आघात माना जा रहा है।
किस बीमारी से जूझ रही थीं
तातियाना को एक्यूट मायलॉइड ल्यूकीमिया (AML) नाम के खतरनाक ब्लड कैंसर का पता चला था। यह बीमारी आमतौर पर उम्रदराज लोगों में पाई जाती है, लेकिन तातियाना में इनवर्ज़न-3 नाम का दुर्लभ जेनेटिक म्यूटेशन मौजूद था, जिससे बीमारी और आक्रामक हो गई।
उन्होंने कीमोथेरेपी के कई दौर, दो स्टेम-सेल ट्रांसप्लांट और क्लिनिकल ट्रायल्स भी कराए, लेकिन इलाज के बावजूद कैंसर दोबारा लौट आया।
बीमारी पर लिखा था भावुक निबंध
नवंबर 2024 में तातियाना ने द न्यू यॉर्कर मैगजीन में एक मार्मिक निबंध लिखा था, जिसमें उन्होंने बीमारी, इलाज और मातृत्व से जुड़ी अपनी आशंकाओं को साझा किया था। उन्होंने लिखा था कि उनकी सबसे बड़ी चिंता यह थी कि उनके बच्चे उन्हें याद रख पाएंगे या नहीं।
एक प्रभावशाली पत्रकार की पहचान
तातियाना श्लॉसबर्ग एक प्रतिष्ठित पर्यावरण पत्रकार थीं। उन्होंने न्यू यॉर्क टाइम्स में साइंस और क्लाइमेट रिपोर्टर के तौर पर काम किया और द अटलांटिक तथा वैनिटी फेयर जैसे प्रमुख प्रकाशनों में भी लेख लिखे।
साल 2019 में उनकी किताब “Inconspicuous Consumption: The Environmental Impact You Don’t Know You Have” प्रकाशित हुई, जिसे व्यापक सराहना और पुरस्कार मिले। उनका मानना था कि पर्यावरण संरक्षण केवल प्रकृति नहीं, बल्कि मानव जीवन से जुड़ा सवाल है।
आरएफके जूनियर पर भी जताई थी चिंता
अपने निबंध में तातियाना ने अपने चचेरे भाई रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर की स्वास्थ्य नीतियों पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने वैक्सीन और मेडिकल रिसर्च से जुड़े फैसलों को लेकर चिंता जाहिर करते हुए लिखा था कि ऐसे कदम मरीजों की जान पर सीधा असर डाल सकते हैं।
Comments are closed.