UP Weather Update: प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना कानपुर, आगरा में लू का अलर्ट, जानिए आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम

0 121

यूपी के कई जिले भीषण लू की चपेट में हैं। मई के बाद जून माह भी गर्मी का रिकार्ड तोड़ रहा है।

47.5 डिग्री सेल्सियस के साथ कानपुर एयरपोर्ट क्षेत्र प्रदेश में सबसे गर्म रहा, तो प्रयागराज में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आइए जानते हैं कि आज यूपी का मौसम कैसा रहेगा।

प्रदेश में दूसरा सबसे गरम शहर रहा आगरा

आगरा में सूरज ने बुधवार के बाद गुरुवार को भी जमकर आग बरसाई। तेज धूप में घर से बाहर निकलने पर त्वचा झुलस गई। घर में भी सुबह से रात तक चैन नहीं मिला। एसी ट्रिप करते रहे और कूलर भी राहत नहीं दे सके। रात बेचैनी में कटी। मौसम विभाग ने अगले चार दिन लू का प्रकोप रहने का पूर्वानुमान जताया है।

गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ पारा भी चढ़ता चला गया। सुबह 11 बजे के बाद तो धूप तेज होने से घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। स्वयं को पूरी तरह कपड़ों से ढककर ही लोग घर से बाहर निकले। लू चलने से पसीना बहता रहा। शाम को बादल घिरने पर भी गर्मी से राहत नहीं मिली।

अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था। न्यूनतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य तापमान से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। बुधवार को अधिकतम तापमान 46.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। न्यूनतम तापमान बढ़ने की वजह से रात में भी राहत नहीं मिली।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को दिन में लू चलेगी और रात भी गरम रहेगी। 15 से 17 जून तक लू का प्रकोप देखने को मिलेगा। अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। अागरा रेड जोन में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए आगरा को 16 जून तक के लिए रेड जोन में रखा है। यहां लू का प्रकोप रहने की संभावना है।

इससे छोटे बच्चों, वृद्ध व गंभीर बीमारी से ग्रस्त लोगों को स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। धूप में काम करने वाले लोगों में निर्जलीकरण व लू लगने की संभावना है।

प्रदेश के गरम शहर

क्रम, शहर, अधिकतम तापमान

1, कानपुर, 46.6

2, आगरा, 46.5

3, प्रयागराज, 46.4

बरेली में आज से लू का येलो अलर्ट

बरेली जिले में गुरुवार से लू का येलो अलर्ट जारी हो चुका है। बुधवार को जून में अभी तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी पांच दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार की तुलना में बुधवार को हवा की गति कुछ कम थी।

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार बताते हैं कि गुरुवार से पछुआ हवा होने की वजह से लू का एहसास बढ़ गया था। अगामी दिनों में यह तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तापमान भी पार करने का अनुमान लगाया जा रहा है।

गोरखपुर में शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा। उमस भरी गर्मी पड़ेगी। देवरिया और बस्ती में भी मौसम साफ रहने और उमस भरी गर्मी पड़ने का पूर्वानुमान है।

गर्म पछुआ हवा ने बढ़ाई बेचैनी , चार दिन बाद बदलेगा मौसम

कानपुर में इस साल की गर्मी में अब मानसून से पहले वर्षा के आसार नहीं है। मानसून के बादल भी पूर्वी उत्तर प्रदेश की सीमा में 16 जून तक पहुंचने के आसार हैं तब ही शहर के मौसम में भी बदलाव दिखेगा।

गुरुवार को पछ़ुआ हवा की गर्मी ने लोगों को बेहाल किया हालांकि एक दिन पहले के मुकाबले अधिकतम तापमान में एक डिग्री की कमी आई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार बादलों के आने से थोड़ी राहत मिली है लेकिन चार दिन बाद ही मौसम में मानसून का असर दिखाई देगा।

Leave A Reply