लेह में तनाव जारी, स्कूल-कॉलेज दो दिन के लिए बंद; 50 हिरासत में।
लेह में हालात अब भी सामान्य नहीं हो पाए हैं। गुरुवार को शहर में कर्फ्यू जारी रहा। इससे पहले सुरक्षाबलों के साथ हुई झड़प में चार प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई थी, जबकि करीब 90 लोग घायल हुए थे। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए लेह के जिला मजिस्ट्रेट रोमिल सिंह डोनक ने शुक्रवार से दो दिन के लिए सभी सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया है। आंगनवाड़ी केंद्र भी इस अवधि में बंद रहेंगे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कर्फ्यू वाले क्षेत्रों में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी नई घटना की सूचना नहीं मिली है। इसके बावजूद एहतियातन शिक्षण संस्थान बंद किए गए हैं।
सोनम वांगचुक ने तोड़ी भूख हड़ताल
बढ़ती हिंसा के बीच जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपनी 15 दिन से चल रही भूख हड़ताल समाप्त कर दी। उन्होंने हिंसा की निंदा करते हुए युवाओं से अपील की कि आंदोलन को नुकसान पहुँचाने वाली गतिविधियों से दूर रहें। वांगचुक ने इसे लद्दाख के लिए “सबसे दुखद दिन” बताया और कहा कि अब तक आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहा था।
हालांकि, केंद्र सरकार ने इस हिंसा के लिए वांगचुक को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि उनके बयानों से भीड़ उकसी। इसके जवाब में वांगचुक ने कहा कि उन्हें बलि का बकरा बनाया जा रहा है और सरकार मूल समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जन सुरक्षा अधिनियम के तहत गिरफ्तारी होती है तो वे इसके लिए तैयार हैं।
50 लोग हिरासत में
लद्दाख के लिए छठी अनुसूची का विस्तार और राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर बुधवार को लेह एपेक्स बॉडी (LAB) द्वारा बुलाए गए बंद के दौरान हुई हिंसा के सिलसिले में अब तक 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
Comments are closed.