लीबिया के मिलिट्री चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद की तुर्की में हुए विमान हादसे में मौत हो गई।
यह दुर्घटना उस वक्त हुई, जब वह आधिकारिक दौरे पर तुर्की आए हुए थे। हादसे में उनके साथ चार अन्य लीबियाई सैन्य अधिकारी और तीन क्रू मेंबर भी मारे गए। विमान में सवार सभी सात लोगों की जान चली गई।
तुर्की की राजधानी अंकारा से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, लीबियाई अधिकारियों ने प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह विमान में आई तकनीकी खराबी बताई है, हालांकि तुर्की प्रशासन ने दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
हादसे का शिकार हुआ विमान फाल्कन 50 जेट था। इसका मलबा मध्य अंकारा से लगभग 40 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित हेमाना जिले में मिला। तुर्की के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि विमान ने रात करीब 8:30 बजे उड़ान भरी थी और लगभग 40 मिनट बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया। उन्होंने कहा कि संपर्क टूटने से पहले विमान ने हेमाना इलाके के पास इमरजेंसी लैंडिंग का सिग्नल भेजा था।
स्थानीय टीवी चैनलों पर प्रसारित CCTV फुटेज में रात के आसमान में अचानक तेज रोशनी और विस्फोट जैसा दृश्य दिखाई देता है, जिसे इसी विमान हादसे से जोड़ा जा रहा है।
तुर्की अधिकारियों के अनुसार, लीबियाई सेना का यह प्रतिनिधिमंडल दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग को मजबूत करने के लिए उच्च स्तरीय रक्षा वार्ता में हिस्सा लेने अंकारा आया था। लीबिया के प्रधानमंत्री अब्दुल-हामिद दबीबा ने जनरल अल-हद्दाद और चार अन्य सैन्य अधिकारियों की मौत की पुष्टि की है। फेसबुक पर जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि यह दुखद हादसा उस समय हुआ, जब प्रतिनिधिमंडल तुर्की से स्वदेश लौट रहा था। प्रधानमंत्री ने इस दुर्घटना को लीबिया के लिए “बड़ी क्षति” बताया।
कौन थे लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद?
लेफ्टिनेंट जनरल अल-हद्दाद पश्चिमी लीबिया के शीर्ष सैन्य कमांडर थे। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में लीबिया की बिखरी हुई सैन्य ताकतों को एकजुट करने के प्रयासों में अहम भूमिका निभाई थी। 2011 में नाटो समर्थित विद्रोह के बाद मुअम्मर गद्दाफी की सत्ता खत्म होने के बाद से लीबिया राजनीतिक और सैन्य रूप से विभाजित रहा है।
हादसे में मारे गए अन्य अधिकारी
इस विमान हादसे में लीबिया की जमीनी सेना के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल अल-फितौरी गरीबिल, सैन्य विनिर्माण प्राधिकरण के प्रमुख जनरल महमूद अल-कातावी, चीफ ऑफ स्टाफ के सलाहकार मोहम्मद अल-असावी दियाब और चीफ ऑफ स्टाफ कार्यालय के सैन्य फोटोग्राफर मोहम्मद उमर अहमद महजूब की भी मौत हो गई।
Comments are closed.