घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों की रसोई के बजट पर पड़ने वाला है।
14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। नई दरें 1 मार्च 2026 से लागू हो गई हैं। देश के अन्य राज्यों में भी लगभग इतनी ही बढ़ोतरी की गई है।
तेल कंपनियों की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, महानगरों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें इस प्रकार हैं:
| शहर | कीमत (रुपये) |
|---|
| दिल्ली | 913.00 |
| कोलकाता | 939.00 |
| मुंबई | 912.50 |
| चेन्नई | 928.50 |
कच्चे तेल की कीमतों में उथल-पुथल का असर
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण वैश्विक बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में तेजी दर्ज की जा रही है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में ऊर्जा कीमतों पर और दबाव पड़ सकता है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, मौजूदा हालात को देखते हुए केंद्र सरकार ने देश की एलपीजी रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि आपूर्ति पर किसी तरह का असर न पड़े। सरकार लगातार मध्य पूर्व की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पिछली बार कब बढ़े थे दाम
तेल कंपनियों के आंकड़ों के मुताबिक 14.2 किलोग्राम वाले गैर-सब्सिडी घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में पिछली बार 8 अप्रैल 2025 को बढ़ोतरी की गई थी। मौजूदा वृद्धि के बाद यह कीमत 30 अगस्त 2023 के बाद के सबसे ऊंचे स्तरों में शामिल हो गई है।
कमर्शियल सिलेंडर भी हुआ महंगा
घरेलू सिलेंडर के साथ-साथ 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए गए हैं। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 114.50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। यह पिछले एक सप्ताह में दूसरी और 1 जनवरी 2026 के बाद चौथी बढ़ोतरी है।
होर्मुज जलडमरूमध्य का असर
विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही रोकने की वजह से कच्चे तेल की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। यह समुद्री मार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल आपूर्ति रास्तों में से एक माना जाता है। हालांकि सरकारी सूत्रों का कहना है कि भारत के पास फिलहाल पर्याप्त ऊर्जा भंडार मौजूद है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Comments are closed.