महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2025: मतदान संपन्न, आज आएंगे नतीजे

5

महाराष्ट्र में नगर परिषदों और नगर पंचायतों के अध्यक्ष व सदस्यों के पदों के लिए शनिवार को मतदान पूरा हो गया।

अब सभी की निगाहें मतगणना पर हैं, जो आज सुबह 10 बजे से शुरू होगी। जनवरी में प्रस्तावित बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनावों से पहले इन नतीजों को भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट), मनसे और अन्य दलों के लिए अहम सियासी अग्निपरीक्षा माना जा रहा है।

47.04% रहा मतदान
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मतदान शाम करीब 5:30 बजे समाप्त हुआ। इस दौरान 23 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के साथ-साथ 143 रिक्त पदों के लिए वोट डाले गए। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ था और दोपहर तक 47.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

नासिक में फर्जी मतदान की कोशिश
नासिक जिले के सिन्नर, ओझर और चांदवड इलाकों में 49.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस दौरान सिन्नर के वार्ड नंबर-2 में फर्जी मतदान का मामला सामने आया। फर्जी आधार कार्ड के जरिए अपने भाई के नाम पर वोट डालने की कोशिश कर रहे 25 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया गया।

गठबंधन सहयोगी आमने-सामने
डोंडाईचा नगर परिषद और अंगार नगर पंचायत के चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए, वहीं जाममेर नगर परिषद अध्यक्ष पद पर भी मुकाबला नहीं हुआ।
हालांकि, सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के सहयोगी दल—भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी—कई जगहों पर एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में उतरे।

कुल मिलाकर, भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति और विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) के बीच कई इलाकों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जबकि कुछ स्थानों पर सौहार्दपूर्ण मुकाबले भी हुए।

कुछ जगहों पर विवाद
मतदान के दौरान नांदेड, ठाणे और वाशिम में अनियमितताओं और विवाद की छिटपुट घटनाएं सामने आईं। इसके बावजूद, राज्य में 23 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए दूसरा चरण कुल मिलाकर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

Comments are closed.