मणिपुर में गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। सरकार ने तत्काल प्रभाव से 60 अधिकारियों और 10 पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया है।
एक आधिकारिक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। राज्य प्रशिक्षण अकादमी के महानिदेशक पालुनथांग वैफेई को अतिरिक्त मुख्य सचिव का पदभार दिया गया है, जबकि प्रधान मुख्य वन संरक्षक अनुराग बाजपेयी अतिरिक्त मुख्य सचिव (वस्त्र, वाणिज्य एवं उद्योग) होंगे।
अरुण कुमार सिन्हा नए प्रधान सचिव होंगे
अधिसूचना में कहा गया है कि प्रधान सचिव (वस्त्र, वाणिज्य एवं उद्योग) अरुण कुमार सिन्हा नए प्रधान सचिव (कृषि, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग) होंगे। आयुक्त सह सचिव (पर्यटन) और मणिपुर भवन नई दिल्ली के रेजिडेंट कमिश्नर देवेश देवल अब केवल पर्यटन विभाग का प्रभार संभालेंगे।
अधिसूचना के अनुसार, थौबल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश बलवाल इंफाल पूर्व के नए एसपी होंगे, जबकि सेनापति के एसपी अनुपम को संयुक्त सचिव (गृह विभाग) के पद पर स्थानांतरित किया गया है। चंदेल के एसपी शिवानंद सुर्वे को सेनापति के एसपी के रूप में स्थानांतरित किया गया है। ऐसे ही चूडचंदपुर के एसपी शेख मोहम्मद जाइब जाकिर को डीजीपी का वरिष्ठ एसओ नियुक्त किया गया है।
प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े सात लोग गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने पिछले दो दिन में प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित कांगलेई यावोल कन्ना लूप (केवाईकेएल) के तीन सदस्यों और यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट कोइरेंग (यूएनएलएफ-के) के एक सक्रिय सदस्य को मंगलवार को तेंगनौपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के दो सदस्यों को बुधवार को गिरफ्तार किया है। उन्हें इंफाल के पाओना बाजार क्षेत्र में जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।