पुलिस का बड़ा एक्शन: 43,950 नशीले इंजेक्शन जब्त, करोड़ों का कारोबार उजागर

0

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर काशीपुर पुलिस, एसओजी और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की संयुक्त टीम ने ट्रांसपोर्ट के जरिए लाई गई नशीले इंजेक्शनों की भारी खेप जब्त की है। बरामद इंजेक्शनों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 32 लाख रुपये बताई गई है।

ट्रांसपोर्ट से बरामद हुए 43,950 नशीले इंजेक्शन
यह कार्रवाई 15 दिसंबर 2025 को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर की गई। टीम ने काशीपुर के दड़ियाल रोड स्थित सेफ एक्सप्रेस ट्रांसपोर्ट परिसर में चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान ट्रांसपोर्ट में रखी 16 गत्तों की पेटियों से 43,950 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। इनमें BINORPHINE और REXOGESIC ब्रांड के इंजेक्शन शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए इंजेक्शनों की खुदरा बाजार कीमत लगभग 1.32 करोड़ रुपये आंकी गई है।

आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी के प्रयास जारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह खेप रिपुल चौहान नामक आरोपी ने मंगाई थी। वह मूल रूप से बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में काशीपुर में रह रहा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पहले से NDPS केस में फरार
काशीपुर के अपर पुलिस अधीक्षक स्वपन किशोर सिंह ने बताया कि आरोपी रिपुल चौहान पहले भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रहा था। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पुलिस और एसओजी के लिए बड़ी सफलता है। इससे पहले भी इसी टीम ने करीब 5,000 नशीले इंजेक्शन बरामद कर तस्करों पर कार्रवाई की थी।

Comments are closed.