कथित क्लासरूम घोटाले में पूछताछ को मनीष सिसोदिया ACB दफ्तर पहुंचे

2

क्लासरूम घोटाला मामला: ACB दफ्तर पहुंचे मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन को भी भेजा गया समन

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के दफ्तर पहुंचे। उनसे राजधानी के सरकारी स्कूलों में क्लासरूम निर्माण से जुड़े करीब ₹2000 करोड़ के कथित घोटाले को लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले में दिल्ली सरकार के पूर्व लोक निर्माण मंत्री सत्येंद्र जैन को भी समन भेजा गया है।

ACB ने पहले ही इस मामले में दोनों नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर रखी है। जांच एजेंसी का आरोप है कि क्लासरूम निर्माण में भारी वित्तीय अनियमितताएं हुईं और ठेके देने में पक्षपात बरता गया।

क्या है क्लासरूम घोटाले का मामला?
यह मामला 12,748 क्लासरूम और शैक्षणिक भवनों के निर्माण में कथित गड़बड़ियों से जुड़ा है। ACB की जांच के मुताबिक, कक्षाएं सेमी-पर्मानेंट स्ट्रक्चर (SPS) के रूप में बनाई गईं, जिनकी औसत उम्र करीब 30 साल मानी जाती है। इसके बावजूद इनकी लागत RCC यानी पक्के निर्माण जितनी निकली, जिनकी उम्र लगभग 75 साल होती है।

लागत में बढ़ोतरी और टेंडर में गड़बड़ी के आरोप
एक कक्षा की निर्माण लागत औसतन ₹5 लाख होनी चाहिए थी, लेकिन यह ₹24.86 लाख प्रति कक्षा तक पहुंच गई।

SPS क्लासरूम के निर्माण में प्रति वर्गफुट लागत ₹2292 रही, जबकि पक्के भवनों की लागत ₹2044–2416 प्रति वर्गफुट तक होती है।

रिपोर्ट के अनुसार, ₹326.25 करोड़ की लागत बिना नए टेंडर के बढ़ाई गई, जिसमें ₹205.45 करोड़ सिर्फ ‘रिचर स्पेसिफिकेशन’ के नाम पर खर्च हुए।

ACB का दावा है कि इस परियोजना के 34 ठेकेदारों को काम सौंपा गया, जिनमें से कई के आम आदमी पार्टी से करीबी संबंध होने की बात सामने आई है।

बीजेपी नेताओं की शिकायत पर जांच शुरू
यह मामला उस वक्त सामने आया जब भाजपा प्रवक्ता हरीश खुराना, विधायक कपिल मिश्रा और नीलकंठ बक्शी ने ACB में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर IPC की धारा 409 (विश्वासघात), 120-B (षड्यंत्र) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1) के तहत FIR संख्या 31/2025 दर्ज की गई।

जांच का दायरा बढ़ा, अधिकारियों पर भी नजर
ACB प्रमुख मधुर वर्मा के मुताबिक, जांच सिर्फ नेताओं तक सीमित नहीं है। निर्माण से जुड़े अज्ञात सरकारी अधिकारियों और ठेकेदारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सिसोदिया और जैन से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Comments are closed.