नालासोपारा की ऊंची इमारत में लगी भीषण आग, एक महिला की मौत; 15 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

1

महाराष्ट्र: नालासोपारा की हाईराइज बिल्डिंग में आग से मचा हड़कंप, 15 लोगों को बचाया गया

महाराष्ट्र के वसई-विरार इलाके में मंगलवार रात एक ऊंची इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। लिंक रोड स्थित इंपीरियल टॉवर (इंपीरियल हाइट्स) की आठवीं से दसवीं मंजिल तक आग फैल गई। शुरुआती आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

वसई-विरार सिटी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के कमिश्नर पृथ्वीराज बी.पी. के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं, इमारत में मौजूद कई अन्य लोग भी किसी तरह नीचे उतरने में सफल रहे।

क्रेन की मदद से लोगों को निकाला गया

आग की तीव्रता बढ़ने पर कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए इमारत के बाहरी हिस्से पर लटक गए। बचाव दल ने क्रेन की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

इस हादसे में 60 वर्ष से अधिक उम्र की एक महिला की मौत होने की खबर है, लेकिन अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी।

Comments are closed.