वाराणसी स्टेशन पर सोनम रघुवंशी से हुई मुलाकात, गाजीपुर की उजाला यादव का बड़ा खुलासा

5

वाराणसी में सोनम से हुई थी मुलाकात, गाजीपुर की उजाला यादव का बड़ा दावा – कहा, मांगा था मोबाइल, गोरखपुर जाने की थी जल्दी

राजा रघुवंशी हत्याकांड से जुड़े नए-नए खुलासों के बीच गाजीपुर की एक युवती उजाला यादव ने चौंकाने वाला दावा किया है। उजाला का कहना है कि उसने वाराणसी रोडवेज बस स्टैंड पर सोनम रघुवंशी से मुलाकात की थी। उस वक्त सोनम ने गोरखपुर जाने वाली बस और ट्रेन के बारे में जानकारी मांगी थी।

उजाला ने बताया कि वह बस में बैठी थी तभी सोनम पास आई, बस का टाइम पूछा और कुछ देर बाद खुद भी उसी बस में सवार हो गई। बस में सोनम ने कई यात्रियों से मोबाइल मांगा और बार-बार यह पूछती रही कि बस गोरखपुर कितनी देर में पहुंचेगी। उजाला के अनुसार, तब उसे यह नहीं पता था कि यह वही सोनम है, जो बाद में हत्या के मामले में गिरफ्तार हुई।

गिरफ्तारी के बाद पहचान पाई सोनम को
अगले दिन जब मीडिया में सोनम की गिरफ्तारी की खबरें आईं, तब उजाला को एहसास हुआ कि वही लड़की उससे बस में मिली थी। इसके बाद उसने राजा रघुवंशी के भाई सचिन से संपर्क कर पूरा वाकया बताया। उजाला ने वायरल शादी कार्ड से नंबर निकालकर उन्हें कॉल किया।

परिजनों की मांग– नार्को टेस्ट से सामने आएगी साजिश की सच्चाई
राजा रघुवंशी हत्याकांड में पीड़ित परिवार लगातार इंसाफ की मांग कर रहा है। उनका कहना है कि यह हत्या एक गहरी साजिश का हिस्सा है। परिवार चाहता है कि सोनम रघुवंशी और राज कुशवाह का नार्को टेस्ट कराया जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

राजा के भाई सचिन रघुवंशी का आरोप है कि सिर्फ दो लोग ही नहीं, बल्कि इस मामले में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने गहन जांच की मांग करते हुए कहा, “यह सिर्फ एक मर्डर नहीं, एक सोची-समझी साजिश है।”

Comments are closed.