मेक्सिको: गुआनाजुआटो में जश्न के दौरान फायरिंग, 12 की मौत

6

गुआनाजुआटो में त्योहार के बीच गोलीबारी, 12 की मौत, 20 घायल

मेक्सिको सिटी: मेक्सिको के गुआनाजुआटो राज्य में एक धार्मिक समारोह के दौरान हुई गोलीबारी में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब लोग सेंट जॉन द बैपटिस्ट के पर्व के उपलक्ष्य में सड़कों पर जश्न मना रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो फुटेज के मुताबिक, जैसे ही गोलियों की आवाज गूंजी, जश्न का माहौल चीख-पुकार और भगदड़ में तब्दील हो गया। लोग इधर-उधर भागने लगे और जान बचाने के लिए छिपने की कोशिश करते नजर आए। इरापुआटो नगर प्रशासन के अधिकारी रोडोल्फो गोमेज़ सर्वेंट्स ने बताया कि मरने वालों की संख्या 12 तक पहुंच चुकी है, और घायलों में कई की हालत गंभीर है।

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि गुआनाजुआटो राज्य हाल के वर्षों में लगातार हिंसा की चपेट में रहा है। यहां ड्रग कार्टेल और संगठित अपराध गिरोहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई आम हो चुकी है। इसी कारण गुआनाजुआटो को देश का सबसे हिंसक राज्य माना जाता है। केवल इस साल जनवरी से मई तक यहां 1,435 हत्याएं दर्ज की गई हैं — जो राष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज्यादा हैं।

पिछले महीने भी इसी राज्य के सैन बार्टोलो डे बेरियोस में एक कैथोलिक कार्यक्रम के दौरान गोलीबारी में सात लोगों की जान चली गई थी।

Comments are closed.