देश का मौसम धीरे-धीरे बदल रहा है। कहीं तेज़ गर्मी तो कहीं ठंडी फुहारों का असर देखने को मिल रहा है।
कई राज्यों में मॉनसून की विदाई हो चुकी है, जबकि कुछ हिस्सों में बारिश अभी भी जारी है। अक्टूबर के महीने में मौसम विभाग ने ठंड के संकेत दिए हैं। दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो फिलहाल यहाँ गर्मी का असर फिर लौट आया है। 23 सितंबर को अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य के करीब है।
दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली से मॉनसून की विदाई हो चुकी है। आने वाले हफ्ते मौसम साफ रहेगा। लेकिन सुबह और शाम के समय मौसम में बदलाव महसूस होगा, यानी हल्की ठंड का आगमन होगा। दिन में धूप निकलने से गर्मी और उमस बनी रहेगी।
मॉनसून की विदाई वाले राज्य
पंजाब, गुजरात और पश्चिमी राजस्थान में मॉनसून की विदाई हो चुकी है। दिल्ली में भी बारिश का दौर थम गया है। वहीं, मध्य प्रदेश में लौटते मानसून की वजह से बारिश अगले 10 दिन तक जारी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश से मॉनसून 30 सितंबर के बाद पूरी तरह विदा होगा।
अन्य हिस्सों में बारिश का दौर
मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और गुजरात के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र और कोंकण में 23 और 25-28 सितंबर तक, मराठवाड़ा में 23, 26 और 27 सितंबर को बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 23-28 सितंबर तक बारिश के अनुमान हैं। केरल, तमिलनाडु और माहे में 23, 26 और 27 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 26-28 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश के साथ तूफान और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।
कब से बढ़ेगी ठंड?
दिवाली के आसपास मौसम में सर्दी का असर महसूस होने लगता है। इस साल दिवाली अक्टूबर में है। मॉनसून की विदाई 30 सितंबर तक होने की संभावना है। अक्टूबर की शुरुआत से ही मौसम में ठंड का असर दिखाई देगा।
प्री-विंटर सीजन की तैयारी
IMD के अनुसार, अक्टूबर की शुरुआत से सुबह और शाम का मौसम बदलने लगेगा। हल्की ठंड महसूस होगी, यानी प्री-विंटर सीजन शुरू हो जाएगा। नवंबर में उत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरा बढ़ेगा और दिल्ली-NCR समेत पूरे देश में ठंडी हवाओं का असर महसूस होगा। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में इस दौरान बर्फबारी भी हो सकती है।
Comments are closed.