तूफानी बारिश का अलर्ट: दिल्ली-NCR, यूपी समेत 10 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी; बंगाल में बाढ़ का खतरा
नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत 10 से ज्यादा राज्यों में आज तेज बारिश, आंधी और बादल फटने जैसी स्थिति का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे इन इलाकों के लिए संवेदनशील बताए हैं।
उत्तर भारत में तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 32–33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली, यूपी, बिहार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
महाराष्ट्र-गुजरात और दक्षिण भारत में भी बारिश
आईएमडी ने महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत के हिस्सों में भी तेज मौसमी गतिविधियों की चेतावनी दी है। इन राज्यों में सप्ताहभर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
झारखंड से छोड़ा गया पानी, बंगाल में बाढ़ का खतरा
झारखंड में बीते दिनों हुई भारी बारिश के चलते मैथन और पंचेत डैम का जलस्तर काफी बढ़ गया है। मंगलवार को डीवीसी ने केंद्रीय जल आयोग के निर्देश पर 17.78 लाख क्यूसेक पानी पश्चिम बंगाल की ओर छोड़ दिया। इससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। बंगाल और झारखंड के जिला प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है।
बिहार: गंगा और बूढ़ी गंडक उफान पर, फसलें बर्बाद
बिहार में गंगा और बूढ़ी गंडक नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। खगड़िया जिले में गंगा खतरे के निशान से 33 सेंटीमीटर और बूढ़ी गंडक 22 सेंटीमीटर ऊपर बह रही हैं। बाढ़ के कारण फसलें डूब गई हैं और चारे की कमी से पशुपालक पलायन को मजबूर हो गए हैं। कई जगहों पर तटबंधों को नुकसान पहुंचा है, जिनकी मरम्मत जारी है।
सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। राज्य सरकारें भी अलर्ट मोड में हैं और बचाव दलों को तैनात किया जा रहा है।
Comments are closed.