दिल्ली-NCR में सुबह की बारिश से गिरी ठंड, तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी

3

दिल्ली-NCR में एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं।

शुक्रवार (23 जनवरी) सुबह राजधानी में हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते आज दिनभर दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है।

बारिश से जहां ठंड बढ़ेगी, वहीं प्रदूषण से परेशान दिल्लीवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। IMD ने दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। दोपहर तक गरज-चमक, बिजली कड़कने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के एक या दो दौर हो सकते हैं।

गुरुवार को टूटा था गर्मी का रिकॉर्ड

एक दिन पहले गुरुवार को दिल्ली में मौसम असामान्य रूप से गर्म रहा। अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब सात डिग्री ज्यादा था। यह बीते सात वर्षों में जनवरी का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार, गर्म पूर्वी हवाओं और साफ आसमान के कारण दिनभर तेज धूप रही, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हुई।

बारिश से गिरेगा पारा, हवा होगी साफ

IMD के मुताबिक, बारिश के असर से शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18–20 डिग्री सेल्सियस और शनिवार को 16–18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बादलों और बारिश के चलते एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में भी सुधार की संभावना है। अनुमान है कि शुक्रवार को AQI खराब श्रेणी में रहेगा, जबकि शनिवार तक यह मॉडरेट कैटेगरी में आ सकता है। पूरे दिल्ली क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

शाम तक बारिश का एक और दौर संभव

मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार दोपहर या शाम को हल्की से बहुत हल्की बारिश का एक और दौर हो सकता है। लोगों को तेज हवाओं और स्थानीय गरज-चमक वाले तूफान को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Comments are closed.