मुंबई की हवा में तेजी से सुधार दर्ज किया गया है। यहां AQI 150 से नीचे आ गया है और कई इलाकों में यह 100 से भी कम है।
पिछले महीने प्रदूषण बढ़ने के बाद शहर में GRAP-4 जैसी सख्त पाबंदियां लगानी पड़ी थीं, लेकिन कुछ ही दिनों में हालात बेहतर हो गए। BMC ने सोमवार को कहा कि 26 नवंबर के बाद से शहर और उपनगरों में वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिसके चलते GRAP-4 हटाया गया है।
इसके उलट, दिल्ली में प्रतिबंध लागू होने के बावजूद हालात गंभीर बने हुए हैं। बुधवार सुबह कई जगहों पर AQI 400 के पार दर्ज किया गया।
मुंबई में कितना सुधार?
बुधवार सुबह 6 बजे मुंबई का औसत AQI 132 और नवी मुंबई का 144 रिकॉर्ड हुआ। कांदिवली वेस्ट में यह 102 तक पहुंच गया।
बीएमसी के अनुसार एक्शन प्लान शुरू होते ही 482 निर्माण स्थलों को नोटिस जारी किए गए और 264 प्रोजेक्ट्स पर काम रोकने के आदेश दिए गए। सड़क धुलाई, पानी का छिड़काव, अवैध निर्माण पर कार्रवाई और स्वच्छ ईंधन अपनाने जैसी गतिविधियों का तुरंत असर दिखा।
GRAP-4 हटने के बाद भी सख्ती जारी
नगर आयुक्त भूषण गगरानी ने कहा कि 28-सूत्रीय दिशानिर्देशों का पालन न करने वाले निजी और सरकारी निर्माण स्थलों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। बीएमसी के मुताबिक हवा की गति 3–4 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 10–18 किमी प्रति घंटा होने से भी प्रदूषण घटाने में मदद मिली है। इसके लिए 94 वार्ड-स्तरीय उड़न दस्ते निगरानी कर रहे हैं।
दिल्ली में हालात बदतर
दिल्ली का औसत AQI बुधवार सुबह 377 दर्ज हुआ। आनंद विहार, बवाना, चांदनी चौक, जहांगीरपुरी, जेएलएन स्टेडियम और नेहरू नगर जैसे इलाकों में AQI 400 से ऊपर है। प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन जैसी समस्याएं बढ़ी हैं। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों की सेहत बचाने के लिए कुछ समय के लिए दिल्ली से बाहर जाना बेहतर हो सकता है।
Comments are closed.