महाराष्ट्र के नासिक में Tata Consultancy Services (TCS) दफ्तर से जुड़े कथित धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न मामले में नया मोड़ आ गया है। फरार चल रही एचआर मैनेजर निदा खान को लेकर उसके परिवार ने दावा किया है कि वह मुंबई में है और गर्भवती है।
इसी बीच निदा खान ने नासिक की एक स्थानीय अदालत में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की है। अपनी याचिका में उसने गर्भावस्था को राहत का प्रमुख आधार बताया है। पुलिस इन दावों की पुष्टि कर रही है, जबकि विशेष जांच दल (SIT) उसे पकड़ने की कोशिश में जुटा हुआ है। इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें छह पुरुष कर्मचारी और एक महिला एचआर हेड शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, टीसीएस के नासिक ऑफिस से जुड़ी कुल नौ शिकायतों की जांच की जा रही है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि फरवरी 2022 से मार्च 2026 के बीच उनके साथ मानसिक और यौन उत्पीड़न हुआ, जबकि एचआर विभाग ने उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। जांच में यह भी सामने आया है कि एक आरोपी ने शादी का झूठा वादा कर एक महिला कर्मचारी के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। वहीं, अन्य आरोपियों पर अनुचित व्यवहार, आपत्तिजनक टिप्पणियां और छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं।
गंभीर आरोपों में यह भी शामिल है कि एक कर्मचारी को जबरन नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया गया और उसके धर्म का अपमान किया गया। पुलिस का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया, जिससे मामला बढ़ता चला गया। फिलहाल पुलिस और एसआईटी मामले की गहराई से जांच कर रही है। निदा खान की अग्रिम जमानत याचिका पर अदालत के फैसले के बाद ही मामले में अगला कदम तय होगा।
Comments are closed.