देश के कई हिस्सों में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, लेकिन मौसम का असर लगातार देखने को मिल रहा है।
पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 16 लोगों की मौत हो गई। वहीं, मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 23 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून तेलंगाना से आगे बढ़कर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय हो सकता है।
मानसून अब तक 19 राज्यों में पहुंच चुका है, लेकिन 8 जून के बाद से इसकी प्रगति धीमी हो गई है। वर्तमान में मानसून तेलंगाना के आसपास ठहरा हुआ है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के ऊपर अनुकूल मौसमी सिस्टम बनने लगे हैं, जिससे अगले कुछ दिनों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना बढ़ गई है।
इस बीच देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर भी बना हुआ है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने राजस्थान के कोटा, उदयपुर और अजमेर समेत कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और मध्य भारत के अन्य इलाकों में तेजी से आगे बढ़ सकता है, जिससे कई राज्यों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
Comments are closed.