NIA का जैश मॉड्यूल पर बड़ा एक्शन, लेडी सर्जन शाहीन को फरीदाबाद में कराया स्पॉट वेरिफिकेशन

4

जैश मॉड्यूल की जांच: NIA ने डॉक्टर शाहीन सईद को फरीदाबाद ले जाकर की अहम लोकेशंस की तस्दीक

जैश-ए-मोहम्मद के भारत में सक्रिय मॉड्यूल की जांच में NIA ने गुरुवार को डॉक्टर शाहीन सईद को फरीदाबाद ले जाकर कई महत्वपूर्ण स्थानों की तस्दीक की। शाहीन को इस मॉड्यूल की अहम कड़ी माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, वह जैश की महिला विंग की प्रमुख और आतंकी मुजम्मिल की पत्नी है।

अल-फलाह यूनिवर्सिटी में कमरे और क्लासरूम की जांच

NIA की टीम शाहीन को अल-फलाह यूनिवर्सिटी के कमरा नंबर 22 में लेकर गई, जहाँ वह रहती थी। उसके केबिन और क्लासरूम की भी तलाशी ली गई। यूनिवर्सिटी स्टाफ और वाइस चांसलर की मौजूदगी में उससे पूछताछ की गई कि उसके संपर्क में कौन-कौन लोग आते थे।

खोरी जमालपुर वाले फ्लैट की पड़ताल

इसके बाद टीम शाहीन को खोरी जमालपुर स्थित उस किराए के फ्लैट में ले गई, जहाँ वह और मुजम्मिल रहते थे। यहाँ उसकी गतिविधियों और स्थानीय संपर्कों की जानकारी जुटाई गई। यह पूरी कार्रवाई लगभग पाँच घंटे तक चली, जिसके बाद टीम उसे वापस दिल्ली ले आई।

मॉड्यूल के नेटवर्क और भर्ती प्रक्रिया की पड़ताल

NIA इस समय जैश मॉड्यूल के नेटवर्क, इसकी भर्ती प्रक्रिया और संभावित लिंक की पुष्टि में लगी है। एजेंसी को शक है कि शाहीन महिलाओं की भर्ती और ग्राउंड नेटवर्क खड़ा करने में सक्रिय भूमिका निभाती रही है।

मुजम्मिल का खुलासा—कैसे बनी शाहीन ‘कड़ी’

दिल्ली ब्लास्ट मामले में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं। दो दिन पहले पूछताछ के दौरान मुजम्मिल ने बताया कि उसकी मुलाकात शाहीन से अल-फलाह यूनिवर्सिटी में हुई थी। उम्र और सैलरी दोनों में उससे बड़ी होने के बावजूद वह शाहीन के प्यार में पड़ गया और 2023 में दोनों ने निकाह कर लिया।
शाहीन इसके पहले दो शादियाँ कर चुकी थी—पहला पति जफर हयात मुंबई में रहता है और दूसरा पति गाजियाबाद में कपड़ों की दुकान चलाता था।

उमर उन नबी—साजिश का मास्टरमाइंड

मुजम्मिल के अनुसार, वह, उमर, आदिल, शाहीन और मुफ्ती इरफान मिलकर बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे। उमर उन नबी को इस मॉड्यूल का ‘ब्रेन’ बताया जा रहा है।

फरीदाबाद में रखा गया विस्फोटक जम्मू-कश्मीर भेजा जाना था।

उमर नूंह और मेवात से यूरिया लाता था।

अल-फलाह यूनिवर्सिटी के रूम नंबर 4 में विस्फोटक की टेस्टिंग होती थी।

उसके सूटकेस से बम बनाने के उपकरण और साजिश से जुड़े अहम सबूत मिले हैं।

Comments are closed.