चीनी जासूसी विवाद में फंसे जेन्सेन हुआंग, Nvidia CEO की कुर्सी पर मंडराया खतरा; बोर्ड ले सकता है बड़ा फैसला
अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी Nvidia में नेतृत्व को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
कंपनी के सीईओ जेन्सेन हुआंग निजी संबंधों और चीन से जुड़े कथित जासूसी मामले को लेकर चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी का बोर्ड इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है और जल्द होने वाली बैठक में हुआंग की भविष्य की भूमिका पर फैसला लिया जा सकता है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हुआंग के दो कथित विवाहेतर संबंधों का मामला सामने आया है। इनमें से एक संबंध चीन की संदिग्ध जासूसी गतिविधियों से जुड़ी महिला से संबंधित बताया जा रहा है। वहीं, न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग का Nvidia की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी कथित संबंध था, जो कंपनी में उनके अधीन काम करती थीं।
इस पूरे विवाद में एलिस हुआंग का नाम भी सामने आया है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि एलिस का चीन से जुड़े जासूसी नेटवर्क के साथ संपर्क था और वह Nvidia की चिप तकनीक चीनी कंपनियों तक पहुंचाने की गतिविधियों में शामिल हो सकती थीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार को कर्मचारियों को भेजे गए संदेश में जेन्सेन हुआंग ने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की और इसकी जिम्मेदारी ली। हालांकि, उन्होंने इस मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा नहीं कीं। दूसरी ओर, कंपनी के बोर्ड ने जांच शुरू की है कि क्या हुआंग किसी विदेशी खुफिया एजेंसी के अभियान का निशाना बने थे।
इस घटनाक्रम का असर Nvidia के शेयरों पर भी पड़ा है। आफ्टर-आवर्स ट्रेडिंग के दौरान कंपनी के शेयर करीब 8 फीसदी तक टूट गए। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि विवाद और जांच से जुड़ी खबरों के बाद Nvidia के बाजार पूंजीकरण में लगभग 600 अरब डॉलर की गिरावट आई है। कंपनी का कुल मार्केट कैप करीब 4 ट्रिलियन डॉलर बताया जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि हुआंग को अचानक पद से हटाने पर Nvidia को नेतृत्व संकट का सामना करना पड़ सकता है। कंपनी में उनके उत्तराधिकारी को लेकर कोई स्पष्ट योजना सार्वजनिक नहीं हुई है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हुआंग का बचाव करते हुए उन्हें ‘ऑनरेबल’ बताया है।
उल्लेखनीय है कि जेन्सेन हुआंग ने वर्ष 1993 में Nvidia की स्थापना की थी। उनके नेतृत्व में कंपनी ने गेमिंग ग्राफिक्स चिप्स बनाने से शुरुआत करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए अत्याधुनिक चिप्स की दुनिया की प्रमुख आपूर्तिकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई। हालांकि, बोर्ड की जांच, सीईओ के पद को लेकर संभावित फैसले और जासूसी से जुड़े आरोपों पर अभी कंपनी की ओर से विस्तृत आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि भी बाकी है।
Comments are closed.