ऑपरेशन हेरोफ 2.0’ के तहत बलूचिस्तान में बड़े पैमाने पर हिंसा की खबरें सामने आई हैं। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि पिछले 10 घंटों में बलूचिस्तान के कई हिस्सों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए व्यापक हमले किए गए हैं।
BLA के अनुसार, ऑपरेशन के दूसरे चरण में बलूचिस्तान के 14 से अधिक शहरों में 48 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ हमले किए गए। इनमें क्वेटा, नुष्की, मस्तुंग, दलबंदीन, कलात, खारान, पंजगुर, ग्वादर, पसनी, तुर्बत, तुमप, बुलेदा, मंगचर, लसबेला, केच और आवारन शामिल हैं। संगठन का दावा है कि इन हमलों में पाकिस्तानी सेना, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के सैन्य व प्रशासनिक ठिकानों को निशाना बनाया गया।
BLA का दावा
BLA ने दावा किया है कि इन हमलों में 84 पाकिस्तानी सैनिक और सुरक्षाकर्मी मारे गए, जबकि 18 कर्मियों को जीवित पकड़ लिया गया है। संगठन का कहना है कि इस दौरान उनके 7 लड़ाके भी मारे गए। BLA के मुताबिक, कई शहरों में सुरक्षा बलों की आवाजाही सीमित कर दी गई है और कुछ इलाकों में उनके लड़ाकों ने अस्थायी रूप से नियंत्रण स्थापित किया है।
BLA का यह भी दावा है कि ऑपरेशन के दौरान 30 से अधिक सरकारी इमारतों, जिनमें बैंक, सरकारी कार्यालय और जेलें शामिल हैं, को नुकसान पहुंचाया गया है। इसके अलावा 23 से अधिक वाहनों को जलाए जाने की बात कही गई है।
ऑपरेशन में शामिल यूनिट्स
BLA के अनुसार, ‘ऑपरेशन हेरोफ 2.0’ में संगठन की कई इकाइयां शामिल हैं, जिनमें फतह स्क्वाड, मजीद ब्रिगेड, इंटेलिजेंस विंग ZIRAB और STOS शामिल हैं। संगठन का कहना है कि बलूचिस्तान के अलग-अलग इलाकों में ऑपरेशन का दूसरा चरण अब भी जारी है।
पाकिस्तान का पक्ष
वहीं, पाकिस्तान की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, शनिवार को बलूचिस्तान के विभिन्न शहरों में सुरक्षा बलों के साथ हुई झड़पों में कम से कम 67 आतंकवादी मारे गए। यह जानकारी चार सुरक्षा अधिकारियों ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को दी।
अधिकारियों के मुताबिक, इन घटनाओं में करीब 10 पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी तथा 11 नागरिकों की भी मौत हुई है, जबकि 24 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
पाकिस्तानी सेना के मीडिया विभाग ने इस मामले पर टिप्पणी के अनुरोध का तत्काल कोई जवाब नहीं दिया है।
Comments are closed.