सीजफायर के कुछ घंटों बाद ही पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर शुक्रवार देर रात एयरस्ट्राइक कर दी, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई।
एएफपी के मुताबिक, मरने वालों में तीन अफगानी क्रिकेटर भी शामिल हैं। हमले के बाद अफगानिस्तान ने बदला लेने की चेतावनी दी है, जबकि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने नवंबर के अंत में होने वाली त्रिकोणीय टी20 सीरीज से हटने का ऐलान किया है। तालिबान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एएफपी को बताया कि पाकिस्तान ने युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए पाक्तिका प्रांत के तीन इलाकों में बमबारी की। उन्होंने कहा, “अफगानिस्तान इसका बदला जरूर लेगा।” एक स्थानीय अस्पताल अधिकारी ने बताया कि हमलों में 10 नागरिकों की मौत हुई और 12 लोग घायल हुए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि क्षेत्र में एक टूर्नामेंट के लिए मौजूद तीन खिलाड़ियों—कबीर, सिबघतुल्लाह और हारून—की इस हमले में जान चली गई। बोर्ड ने यह भी पुष्टि की कि वह अगले महीने पाकिस्तान में होने वाली त्रिदेशीय टी20 सीरीज से हट रहा है।
वहीं, पाकिस्तान के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने एएफपी को बताया कि उसकी सेनाओं ने अफगान सीमा के भीतर “सटीक हवाई हमले” किए, जिनका लक्ष्य हाफिज गुल बहादुर समूह था। इस समूह को पाकिस्तान में सक्रिय तहरीक-ए-तालिबान (TTP) का सहयोगी बताया जाता है। इस्लामाबाद का दावा है कि यही समूह हाल ही में उत्तरी वज़ीरिस्तान में हुए आत्मघाती हमले में शामिल था, जिसमें सात अर्धसैनिक जवान मारे गए थे।
पाकिस्तान लंबे समय से अफगानिस्तान पर आरोप लगाता रहा है कि वह अपने क्षेत्र में टीटीपी जैसे उग्रवादी संगठनों को शरण दे रहा है, जबकि काबुल इन आरोपों को खारिज करता है। भारत दौरे पर अफगान विदेश मंत्री की यात्रा के बाद दोनों देशों के बीच तनाव अचानक बढ़ गया था। काबुल में धमाकों के बाद तालिबान ने पाकिस्तान सीमा पर जवाबी कार्रवाई की, जिस पर इस्लामाबाद ने हवाई हमला कर प्रतिउत्तर दिया।
सीजफायर बुधवार को 1300 GMT पर लागू हुआ था। पाकिस्तान ने कहा था कि यह 48 घंटे तक चलेगा, जबकि अफगानिस्तान ने कहा कि यह तब तक जारी रहेगा जब तक पाकिस्तान इसका उल्लंघन नहीं करता। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने काबुल पर भारत के “प्रॉक्सी” के तौर पर काम करने और पाकिस्तान के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। वहीं तालिबान प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि अफगान बलों को तभी जवाबी कार्रवाई का आदेश है जब पाकिस्तान पहले हमला करे — “अगर वे हमला करते हैं, तो हमारे पास अपने देश की रक्षा का पूरा अधिकार है।”
Comments are closed.