दमिश्क: चर्च में फायरिंग और आत्मघाती विस्फोट से दहशत, 20 लोगों की जान गई

4

दमिश्क के चर्च में भीषण आत्मघाती हमला, 20 की मौत, 50 से ज्यादा घायल; ISIS ने ली जिम्मेदारी.

ईरान-इजरायल युद्ध के बीच सीरिया की राजधानी दमिश्क में रविवार को एक बड़ा आतंकी हमला हुआ। शहर के डुवैला इलाके में स्थित सेंट एलियास ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में एक आत्मघाती हमलावर ने पहले श्रद्धालुओं पर अंधाधुंध फायरिंग की और फिर खुद को विस्फोट से उड़ा लिया।

इस भीषण हमले में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

विस्फोट से चर्च परिसर में तबाही
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोट के बाद चर्च परिसर में अफरातफरी मच गई। चारों ओर श्रद्धालुओं के सामान और खून से सना मलबा बिखरा पड़ा था। धमाके की सूचना मिलते ही सीरियाई सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

ISIS ने ली हमले की जिम्मेदारी
सीरिया के गृह मंत्रालय ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह आत्मघाती हमला आतंकी संगठन ISIS से जुड़े एक हमलावर द्वारा अंजाम दिया गया। मंत्रालय के अनुसार, हमलावर पहले चर्च में दाखिल हुआ, वहां मौजूद लोगों पर गोलीबारी की, और फिर खुद को विस्फोटक से उड़ा दिया।

राजधानी में हमला, प्रशासन पर बड़ा सवाल
सीरिया की राजधानी में हुए इस बड़े आतंकी हमले ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। घटनास्थल की तस्वीरों में भारी तबाही और स्थानीय लोगों में फैले भय का दृश्य साफ दिखाई देता है। हमले के बाद इलाके में गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के स्वयंसेवक भी पहुंच चुके हैं, जो राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं।

Comments are closed.