PBKS vs MI, IPL 2025 Qualifier 2 Highlights: 11 साल बाद आईपीएल फाइनल में पहुंची पंजाब किंग्स, क्वालीफायर-2 में मुंबई को 5 विकेट से हराया

23

श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी के दम पर पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 के क्वालीफायर-2 में मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हराकर लीग के फाइनल में जगह बनाई है.

पंजाब 18 साल में दूसरी बार और 2014 के बाद पहली बार लीग के फाइनल में पहुंची है. वहीं मुंबई इंडियंस पहली बार 200 का स्कोर करने के बाद कोई मुकाबला हारी है. पंजाब किंग्स का सामना फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा. दोनों में से कोई भी टीम आज तक फाइनल नहीं जीत पाई है और ऐसे में इस बार किसी का खिताब का सूखा खत्म होने की उम्मीद है.

204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने प्रभसिमरन सिंह का स्कोर जल्दी ही गंवा दिया. लेकिन इसके बाद जोश इंग्लिश ने बुमराह के ओवर में 20 रन ठोके और इरादे जाहिर किए. हालांकि, इसके बाद अश्विन ने प्रियांश और हार्दिक ने जोश इंग्लिश को आउट किया. लेकिन फिर श्रेयस अय्यर और नेहार वढेरा ने चौथे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी कर जीत का बेस तैयार किया. वढेरा 48 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन अय्यर अंत तक डटे रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे. अय्यर ने 41 गेंदों में नाबाद 87 रनों की पारी खेली.

इससे पहले, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो रहे क्वालीफायर-2 में मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए हैं और पंजाब किंग्स को जीत के लिए 204 रनों का लक्ष्य दिया है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने रोहित शर्मा का विकेट जल्दी गंवा दिया, लेकिन इसके बाद तिलक वर्मा और जॉनी बेयरस्टो ने दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी की. बेयरस्टो 38 रन बनाकर आउट हुए. उनके बाद क्रीज पर आए सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने चौथे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की. अंत में नमन धीर ने 18 गेंदों में 37 रनों की पारी खेलकर टीम को टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया.

इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थी दोनों टीमें
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, जॉनी बेयरस्टो, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, हार्दिक पंड्या (कप्तान), राज बावा, मिचेल सैंटनर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, रीस टॉपली

पंजाब किंग्स : प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), जॉश इंग्लिस (विकेटकीपर), शशांक सिंह, नेहाल वढेरा, मार्कस स्टॉयनिस, अज़मतुल्लाह ओमरज़ई, विजयकुमार वैशक, काइल जेमिसन, अर्शदीप सिंह, युज़वेंद्र चहल

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.