ईरान के सर्वोच्च नेता Ayatollah Ali Khamenei की मौत के बाद दिल्ली में शिया समुदाय ने विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन और श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित कीं। जंतर-मंतर, जोरबाग, ओखला, ब्रह्मपुरी, आदर्श नगर, कश्मीरी गेट और जामा मस्जिद समेत कई इलाकों में लोग एकत्र हुए और घटना की निंदा की।
जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर जुटकर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारे लगाए और खामेनेई की हत्या पर शोक जताया। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे इस प्रदर्शन में शामिल हुए। लोगों ने पोस्टर और बैनर के जरिए अपना विरोध दर्ज कराया।
जोरबाग में कैंडल मार्च
जंतर-मंतर के बाद जोरबाग स्थित दरगाह शाह-ए-मर्दा इलाके में इफ्तार के बाद कैंडल मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर करीब दो किलोमीटर तक मार्च किया और एकजुटता दिखाई।
ओखला और अन्य इलाकों में प्रदर्शन
ओखला के जामिया क्षेत्र में भी सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे। इसी तरह राजधानी के अन्य हिस्सों में मस्जिदों के बाहर नमाज के बाद विरोध दर्ज कराया गया।
ईरान कल्चर हाउस में श्रद्धांजलि
दिल्ली स्थित ईरान कल्चर हाउस में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जहां खामेनेई को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में समुदाय के धार्मिक नेताओं और ईरान के प्रतिनिधियों ने संबोधन किया और शोक व्यक्त किया। अंत में लोगों ने कैंडल जलाकर एकता का संदेश दिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि वह इस मामले में सख्त रुख अपनाए। दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पंजाब और उत्तराखंड समेत कई राज्यों से भी विरोध प्रदर्शनों की खबरें सामने आई हैं।
Comments are closed.