अमेरिका में टेकऑफ के तुरंत बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त, जोरदार विस्फोट में उठी आग की लपटें, 3 की मौत

5

अमेरिका के केंटकी राज्य के लुईविल में गुरुवार शाम एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। मोहम्मद अली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद UPS का एक बड़ा कार्गो विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा स्थानीय समयानुसार शाम 5:15 बजे हुआ, जब विमान होनोलूलू के लिए रवाना हो रहा था।

अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि 11 अन्य घायल हैं। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान McDonnell Douglas MD-11 मॉडल का था, जो 1991 में निर्मित हुआ था। प्रारंभिक रिपोर्टों में बताया गया है कि विमान के बाएं विंग में आग लगने के बाद वह नियंत्रण खो बैठा और कुछ ही दूरी पर जोरदार धमाके के साथ गिरकर फट गया। हादसे के बाद आसमान में आग और धुएं का बड़ा गुबार उठता देखा गया।

धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि रनवे के पास की एक इमारत की छत क्षतिग्रस्त हो गई। लुईविल के मेयर क्रेग ग्रीनबर्ग ने कहा कि प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं। उन्होंने बताया कि विमान में मौजूद ईंधन और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण स्थिति अब भी बेहद खतरनाक बनी हुई है।

Comments are closed.