पीएम मोदी पहुंचे अर्जेंटीना, 57 साल में पहली द्विपक्षीय वार्ता तय; राष्ट्रपति मिलेई से मुलाकात और बोका स्टेडियम का दौरा करेंगे

2

अर्जेंटीना पहुंचे पीएम मोदी, 57 साल बाद भारत-अर्जेंटीना के बीच होगी पहली द्विपक्षीय शिखर वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर अर्जेंटीना पहुंच गए हैं, जहां उनका राजधानी ब्यूनस आयर्स के एज़ेइज़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। रेड कार्पेट अभिवादन और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उन्हें सम्मानित किया गया। यह दौरा भारत-अर्जेंटीना संबंधों के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि पिछले 57 वर्षों में यह पहली बार है जब दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय शिखर वार्ता होने जा रही है।

राष्ट्रपति मिलेई से होगी महत्वपूर्ण बैठक
पीएम मोदी अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता ऊर्जा, रक्षा, व्यापार, स्वास्थ्य, आईटी, कृषि, फार्मा और खाद्य प्रसंस्करण जैसे कई रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

खनिज संसाधनों में सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
भारत और अर्जेंटीना के बीच खनिज संसाधनों, विशेषकर लिथियम जैसे दुर्लभ खनिजों को लेकर सहयोग की संभावना पर विशेष ध्यान रहेगा। दोनों देशों ने 2022 में इस दिशा में एक समझौता (MoU) भी साइन किया था। भारत की ऊर्जा सुरक्षा और ई-मोबिलिटी योजनाओं के लिहाज से यह साझेदारी बेहद अहम मानी जा रही है।

व्यापार संबंधों को विस्तार देने की तैयारी
वर्तमान में भारत और अर्जेंटीना के बीच लगभग 5 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार होता है। विदेश मंत्रालय का लक्ष्य है कि इस आंकड़े को अगले 3-4 वर्षों में 8 अरब डॉलर तक पहुंचाया जाए।

पीएम मोदी का दूसरा अर्जेंटीना दौरा
यह प्रधानमंत्री मोदी का बतौर पीएम दूसरा अर्जेंटीना दौरा है। इससे पहले वे 2018 में जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने यहां आए थे। लेकिन इस बार का दौरा विशेष रूप से द्विपक्षीय सहयोग को केंद्र में रखकर किया जा रहा है।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भी लेंगे हिस्सा
अर्जेंटीना के बाद प्रधानमंत्री मोदी ब्राजील जाएंगे, जहां वे ब्रिक्स देशों के 17वें शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इससे पहले वह घाना और त्रिनिदाद एंड टोबैगो का दौरा कर चुके हैं, और नामीबिया अगला पड़ाव होगा।

Comments are closed.