82KM नमो भारत रूट को PM मोदी की हरी झंडी, मेरठ मेट्रो भी आज से शुरू

1

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आज परिवहन के क्षेत्र में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ साउथ तक 82 किलोमीटर लंबा नमो भारत (रैपिड रेल) कॉरिडोर पूरी तरह शुरू किया जाएगा।

प्रधानमंत्री Narendra Modi इस पूरे रूट का उद्घाटन करेंगे। अब तक यह सेवा दिल्ली के न्यू अशोक नगर तक संचालित हो रही थी, लेकिन नए सेक्शन के जुड़ने से दिल्ली से मेरठ तक सीधी तेज कनेक्टिविटी मिल जाएगी।

इसी कार्यक्रम में मेरठ मेट्रो का भी शुभारंभ होगा। मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 12 स्टेशनों के बीच चलने वाली यह मेट्रो 120 किमी प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से दौड़ेगी, जिससे इसे देश की सबसे तेज स्पीड वाली मेट्रो सेवाओं में शामिल किया जा रहा है। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

ऐसे पूरी हुई परियोजना

दिल्ली–मेरठ रैपिड रेल परियोजना का शिलान्यास 8 मार्च 2019 को किया गया था। 20 अक्टूबर 2023 को 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड को राष्ट्र को समर्पित किया गया। इसके बाद विस्तार कार्य जारी रहा और 5 जनवरी 2025 को नमो भारत ट्रेन दिल्ली पहुंची।

अब न्यू अशोक नगर से सराय काले खां (लगभग 5 किमी) और मेरठ साउथ से मोदीपुरम (लगभग 21 किमी) खंड के शुरू होने के साथ पूरा 82 किलोमीटर का कॉरिडोर चालू हो जाएगा।

55 मिनट में दिल्ली से मेरठ

पूरे रूट के संचालन के बाद दिल्ली से मेरठ की दूरी करीब 55 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे रोज़ाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और सड़क यातायात पर दबाव भी कम होगा। आधुनिक सुविधाओं, हाई-स्पीड ट्रेनों और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ नमो भारत कॉरिडोर को एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Comments are closed.