PM Modi Maldives Visit: माले एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत, मुइज्जू की पूरी कैबिनेट पीएम मोदी के स्वागत में मौजूद
PM मोदी का मालदीव में भव्य स्वागत, राष्ट्रपति मुइज्जू ने गले लगाकर किया इस्तकबाल
ब्रिटेन दौरा पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर मालदीव पहुंचे। राजधानी माले के वेलाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया। खुद मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने एयरपोर्ट पहुंचकर उनका अभिनंदन किया।
राष्ट्रपति मुइज्जू ने पीएम मोदी से गले मिलकर उनका स्वागत किया, जबकि उनकी पूरी कैबिनेट इस अवसर पर मौजूद रही। माले एयरपोर्ट पर पारंपरिक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भी प्रधानमंत्री का अभूतपूर्व स्वागत किया गया।
60वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ पर मुख्य अतिथि पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी को मालदीव के स्वतंत्रता दिवस की 60वीं वर्षगांठ पर मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर भारत और मालदीव के बीच रिश्तों को नई ऊंचाई देने की दिशा में कई अहम घोषणाएं और समझौतों की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच सुरक्षा, समुद्री सहयोग, पर्यटन, व्यापार और रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर भी बातचीत हो सकती है।
ब्रिटेन से सीधे माले पहुंचे पीएम मोदी
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपने चार दिवसीय विदेश दौरे की शुरुआत ब्रिटेन से की थी, जहां उन्होंने भारत-यूके व्यापार समझौते को लेकर कई उच्च स्तरीय बैठकों में हिस्सा लिया। लंदन में अपने दो दिवसीय कार्यक्रमों के बाद वह शुक्रवार दोपहर सीधे माले पहुंचे।
भारत-मालदीव रिश्तों को मजबूती मिलने की उम्मीद
प्रधानमंत्री की यह यात्रा ऐसे समय पर हो रही है जब दोनों देशों के संबंधों को लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कई चर्चाएं हो रही हैं। मालदीव की नई सरकार के सत्ता में आने के बाद यह पहला अवसर है जब भारतीय प्रधानमंत्री को इतने उच्च स्तर पर सम्मान दिया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह दौरा न केवल कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति के तहत हिंद महासागर क्षेत्र में रणनीतिक संतुलन बनाए रखने के लिए भी अहम साबित हो सकता है।
Comments are closed.