प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बेंगलुरु यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आने के बाद छह पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है।
पीएम के काफिले के मार्ग के पास जिलेटिन स्टिक मिलने के मामले में कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में उन्हें निलंबित कर दिया गया। यह मामला 10 मई का है, जब प्रधानमंत्री मोदी आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के 45 वर्ष पूरे होने के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर पहुंचने वाले थे। दौरे से पहले सुरक्षा जांच के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल को सर्किट और टाइमर से जुड़ी जिलेटिन की छड़ें बरामद हुई थीं।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और मामले की जांच शुरू की गई। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
प्राथमिक जांच के आधार पर बेंगलुरु दक्षिण जिले के पुलिस अधीक्षक आर. श्रीनिवास गौड़ा ने छह पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबित कर्मियों में एक सब-इंस्पेक्टर, एक सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) और चार कांस्टेबल शामिल हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, मामले में सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन में गंभीर लापरवाही की आशंका है। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जिलेटिन स्टिक वहां कैसे पहुंचीं और क्या इसके पीछे कोई साजिश थी।
Comments are closed.