दीपावली से पहले दिल्ली-NCR में प्रदूषण बढ़ा, अक्षरधाम के पास AQI 400 पार; गाजियाबाद सबसे अधिक प्रभावित
दीपावली से पहले दिल्ली-एनसीआर की हवा बेहद प्रदूषित हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, रविवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 282 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इंडिया गेट के आसपास AQI 269 रहा, जबकि आईटीओ में 284 और बारापुला में 290 रिकॉर्ड किया गया।
सबसे अधिक चिंता का विषय अक्षरधाम मंदिर के पास AQI 426 है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। प्रदूषण कम करने के प्रयास के तहत इंडिया गेट के आसपास पानी की फुहारें चलाई जा रही हैं। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में हालात और गंभीर हैं। लगातार तीसरे दिन शहर की हवा देश में सबसे प्रदूषित रही, और AQI 324 दर्ज किया गया।
मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से दिन में तेज गर्मी और रात में हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। शनिवार को हल्की धुंध ने सूरज की तेज़ी कम की, लेकिन इसके चलते प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। अधिकतम तापमान 33.5°C और न्यूनतम 19.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन यानी 19 से 21 अक्टूबर तक सुबह के समय हल्का कोहरा रहने की संभावना है। इससे विजिबिलिटी कम होगी। वहीं, हवाओं की गति पिछले चार-पांच दिनों से धीमी बनी हुई है, जो प्रदूषण और गर्मी को बढ़ावा दे रही है। फिलहाल हवा की गति बढ़ने की उम्मीद नहीं है।
इस समय राजधानी और आसपास के शहरों में दिन के समय पसीना और रात में हल्की सिहरन का अनुभव हो रहा है। दीपावली से पहले इस मौसम और प्रदूषण के मिश्रण से स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
AQI का हाल…
| स्थान | एक्यूआई |
|---|---|
| इंडिया गेट | 269 |
| अक्षरधाम मंदिर | 426 |
| बारापुला | 290 |
| गाजियाबाद | 324 |
| नोएडा | 248 |
| गुरुग्राम | 25 |
Comments are closed.