पाकिस्तान-तालिबान सीमा संघर्ष भड़का: रातभर चली भीषण गोलीबारी में चौकियां और टैंक नष्ट

3

पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर हिंसक रूप ले चुका है।

खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम जिले में मंगलवार रात दोनों पक्षों के बीच भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें कई सैन्य चौकियां और टैंक तबाह हो गए। सूत्रों के मुताबिक, संघर्ष रातभर चलता रहा और सीमा क्षेत्र में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।

पाकिस्तानी सरकारी चैनल पीटीवी न्यूज के अनुसार, “अफगान तालिबान और फितना अल-खवारिज (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान या टीटीपी के लिए प्रयुक्त शब्द) ने कुर्रम सेक्टर में बिना उकसावे के गोलीबारी की। पाकिस्तानी सेना ने पूरी ताकत और तीव्रता के साथ जवाबी कार्रवाई की।”

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तान की जवाबी फायरिंग में तालिबान की कई चौकियां और कम से कम एक टैंक नष्ट हो गया। बाद के अपडेट में बताया गया कि अफगान तालिबान की एक और चौकी और टैंक पोज़िशन को भी निशाना बनाया गया, जबकि शमसादर पोस्ट पर मौजूद चौथा टैंक भी क्षतिग्रस्त हुआ। सूत्रों का कहना है कि इस अभियान में फितना अल-खवारिज का एक प्रमुख कमांडर मारा गया है।

लगातार बढ़ रहा सीमा विवाद

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को इस्लामाबाद में विदेशी राजनयिकों को हालिया घटनाक्रम की जानकारी दी और कहा कि पाकिस्तान अपनी क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्रालय ने यह भी दोहराया कि अफगानिस्तान अपनी धरती का इस्तेमाल तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) जैसे आतंकवादी समूहों के लिए न होने दे।

पिछले सप्ताहांत में भी इसी क्षेत्र में झड़प हुई थी, जिसमें पाकिस्तानी सेना के 23 सैनिक मारे गए थे। इस्लामाबाद का दावा है कि उसने जवाबी कार्रवाई में 200 से अधिक तालिबान और सहयोगी आतंकियों को ढेर कर दिया।

वहीं काबुल का कहना है कि उसने यह हमला बदले में किया, क्योंकि पाकिस्तान ने कथित तौर पर अफगान सीमा के भीतर हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान ने इन हवाई हमलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन उसने अफगान तालिबान से दोहराया है कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान विरोधी गतिविधियों के लिए न होने दे।

Comments are closed.