अमेरिका में शक्तिशाली तूफान से भारी तबाही, पूर्वी तट पर बाढ़ का खतरा; 9 लाख से ज्यादा घरों की बिजली ठप
अमेरिका में थैंक्सगिविंग पर तूफान का तांडव, लाखों लोग प्रभावित; उड़ानें रद, बिजली आपूर्ति ठप
अमेरिका में थैंक्सगिविंग त्योहार के दौरान आए भीषण तूफान ने पूर्वी और मध्य-पश्चिमी क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज रफ्तार हवाओं, भारी बारिश और समुद्र में उठी ऊंची लहरों के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। खराब मौसम ने सड़क और हवाई यातायात को भी प्रभावित किया है, जिससे छुट्टियां मनाने जा रहे हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
कई राज्यों में बिजली संकट
पावर आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार शाम तक अमेरिका के विभिन्न हिस्सों में करीब 9 लाख बिजली उपभोक्ताओं को आपूर्ति बाधित होने का सामना करना पड़ा। पेंसिल्वेनिया, वर्जीनिया और मिसूरी समेत कई राज्यों में बड़े पैमाने पर बिजली कटौती दर्ज की गई।
तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने डेलावेयर, न्यू जर्सी और दक्षिण-पूर्वी पेंसिल्वेनिया में व्यापक नुकसान की आशंका जताई। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 112 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।
हवाई यातायात पर भी पड़ा असर
खराब मौसम के चलते अमेरिका के कई हवाई अड्डों पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, गुरुवार को 350 से अधिक उड़ानें रद करनी पड़ीं, जबकि करीब 700 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। इसके कारण बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर फंसे रहे।
अमेरिकन ऑटोमोबाइल एसोसिएशन (AAA) के अनुमान के मुताबिक, थैंक्सगिविंग के आसपास सात दिनों की अवधि में लगभग 8.15 करोड़ अमेरिकी अपने घरों से कम से कम 50 मील दूर यात्रा करने वाले थे। ऐसे में तूफान ने छुट्टियों के दौरान यात्रा की योजनाओं को बड़ा झटका दिया है।
कई इलाकों में आपातकालीन उपाय लागू
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने अमेरिका के पूर्वी तट पर भारी बारिश, तेज हवाओं और तटीय इलाकों में बाढ़ को लेकर चेतावनी जारी की है। इंटरस्टेट-95 कॉरिडोर में 50 मील प्रति घंटे या उससे अधिक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न्यू जर्सी के गवर्नर ने आपातकाल घोषित कर दिया है। वहीं, न्यूयॉर्क के कुछ हिस्सों में भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है।
Comments are closed.