एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की चोटी पर पहुंचा प्रेमी जोड़ा, वहीं की सगाई; नीचे उतरते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार
अमेरिका के न्यूयॉर्क में बुधवार को एक प्रेमी जोड़े ने ऐसा खतरनाक कारनामा किया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। दोनों बिना किसी सुरक्षा उपकरण के 102 मंजिला एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के शीर्ष हिस्से तक पहुंच गए। वहां उन्होंने एक बैनर लहराया और कथित तौर पर एक-दूसरे से सगाई भी कर ली। हालांकि, यह रोमांटिक पल ज्यादा देर नहीं टिक सका और नीचे उतरते ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
न्यूयॉर्क पुलिस ने दोनों की पहचान 32 वर्षीय इवान कुजनेत्सोव और 33 वर्षीय एंजेलिना निकोलाऊ के रूप में की है। दोनों न्यू जर्सी के ईस्ट ऑरेंज के रहने वाले हैं और सोशल मीडिया पर बिना सुरक्षा उपकरण के ऊंची इमारतों और टावरों पर चढ़ने वाले स्टंट के लिए पहले से चर्चित हैं।
चोटी पर लहराया शांति का संदेश
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों चेहरे पर मास्क लगाकर एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गए। वहां उन्होंने काले रंग का एक बड़ा बैनर लहराया, जिस पर लिखा था, “जब प्यार की ताकत, ताकत के प्यार पर हावी होगी, तब दुनिया में शांति होगी।” इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सर्विस एंट्री के जरिए पहुंचे शीर्ष तक
प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों ने इमारत की 103वीं मंजिल पर मौजूद एक सर्विस डोर का इस्तेमाल किया, जिसका उपयोग सामान्य तौर पर रखरखाव कार्यों के लिए किया जाता है। इसी रास्ते से वे प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंचकर इमारत के शीर्ष तक चढ़ गए।
कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस के मुताबिक, स्टंट के दौरान ही दोनों ने सगाई की, लेकिन नीचे आते ही उन्हें हिरासत में ले लिया गया। दोनों के खिलाफ अवैध रूप से प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश, सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, स्थानीय कानूनों का उल्लंघन और शांति भंग करने सहित कई आरोप लगाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर दोनों शीर्ष तक कैसे पहुंचे।
Comments are closed.