इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण के दौरान न्यूयॉर्क में उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला।
प्रदर्शन में हॉलीवुड अभिनेत्री सुसान सरंडन और ‘हैक्स’ सीरीज की अभिनेत्री हन्ना आइबाइंडर समेत कई लोग शामिल हुए। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया।
प्रदर्शनकारियों ने न्यूयॉर्क की सड़कों पर ‘स्टॉप आर्मिंग इजरायल’ और ‘एंड द जेनोसाइड’ जैसे नारों वाले पोस्टर और बैनर प्रदर्शित किए। यह प्रदर्शन यहूदी शांति संगठन ‘ज्यूइश वॉयस फॉर पीस’ ने आयोजित किया था। प्रदर्शन उस वक्त हुआ, जब नेतन्याहू संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित कर रहे थे।
एएफपी के वीडियो में न्यूयॉर्क पुलिस अधिकारियों को अभिनेत्री सुसान सरंडन को हथकड़ी लगाकर ले जाते हुए देखा गया। वहीं, ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ के मुताबिक हन्ना आइबाइंडर को भी प्रदर्शन स्थल से पुलिस ने हिरासत में लिया।
नेतन्याहू के भाषण के बीच प्रतिनिधियों ने छोड़ा UN हॉल
संयुक्त राष्ट्र महासभा में नेतन्याहू के भाषण के दौरान कई देशों के प्रतिनिधि सभागार से बाहर निकल गए। अपने संबोधन में नेतन्याहू ने उन देशों पर निशाना साधा, जिन्होंने हाल में फलस्तीन को मान्यता देने का फैसला किया है।
ब्रिटेन और फ्रांस का उल्लेख करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि इन देशों की ओर से इजरायल पर उपनिवेशवाद के आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि उनके मुताबिक उपनिवेशवाद से जुड़ी ऐतिहासिक अवधारणाएं इन्हीं देशों से निकली हैं।
गाजा युद्ध पर पहले भी मुखर रही हैं सुसान सरंडन
सुसान सरंडन इससे पहले भी गाजा में युद्ध के खिलाफ आयोजित प्रदर्शनों में हिस्सा ले चुकी हैं। वेनिस फिल्म फेस्टिवल में हालिया बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि अपने राजनीतिक विचारों को सार्वजनिक रूप से व्यक्त करने के कारण उन्हें काम के अवसर गंवाने पड़े हैं।
Comments are closed.