पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के कार्यकर्ताओं ने देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन और रैलियां कीं। ये विरोध तोशाखाना-2 मामले में पार्टी प्रमुख इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 साल की जेल की सजा के खिलाफ किया गया।
रविवार को बड़ी संख्या में PTI समर्थक पेशावर में खैबर पख्तूनख्वा असेंबली भवन के बाहर जमा हुए और इमरान खान के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान नेशनल असेंबली की सदस्य शंदना गुलजार ने कहा कि इमरान खान आने वाली पीढ़ियों और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
शंदना गुलजार ने कहा कि इमरान खान ने कभी निजी स्वार्थ के लिए राजनीति नहीं की और वह हमेशा गरीबों और वंचितों के हक में खड़े रहे हैं। उन्होंने सजा को लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था के खिलाफ बताया। इसी तरह लघारी इलाके में भी PTI कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, जिसका नेतृत्व नवागई तहसील परिषद के अध्यक्ष और पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष खलीलुर रहमान ने किया।
पार्टी के झंडे लिए प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और सजा सुनाने वाले जज के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने फैसले को खारिज करते हुए कहा कि यह पाकिस्तान की न्याय प्रणाली के लिए गंभीर झटका है और हालिया संवैधानिक बदलावों के बाद न्यायिक व्यवस्था और कमजोर हुई है।
Comments are closed.