पुतिन का बड़ा संकेत: यूक्रेन जंग इस साल भी जारी रहेगी, शांति प्रयासों पर सवाल
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साफ संकेत दिए हैं कि रूस-यूक्रेन युद्ध निकट भविष्य में खत्म होने के आसार नहीं हैं। पुतिन ने कहा कि यूक्रेन के मौजूदा रुख को देखते हुए संघर्ष समाप्त होने की स्थिति बनती नहीं दिख रही है और इसलिए लड़ाई इस वर्ष भी जारी रह सकती है। पुतिन ने यह बयान नववर्ष के अवसर पर दिए गए अपने संबोधन में दिया। उन्होंने युद्ध में शामिल रूसी सैनिकों के बलिदान और कौशल की सराहना करते हुए कहा कि रूस अपने योद्धाओं की बहादुरी और विजय में विश्वास करता है।
सत्ता संभाले 26 साल पूरे
31 दिसंबर पुतिन के लिए खास दिन रहा, क्योंकि इसी दिन रूस की सत्ता संभालते हुए उन्हें 26 वर्ष पूरे हुए। इस मौके पर उन्होंने अपने संबोधन में युद्ध को लेकर रूस के रुख को दोहराया।
ट्रंप-जेलेंस्की बातचीत के बाद बयान
पुतिन का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में फ्लोरिडा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच युद्ध समाप्ति को लेकर बातचीत हुई। इसके अलावा 6 जनवरी को ट्रंप की यूरोपीय नेताओं से वार्ता प्रस्तावित है, जिससे शांति प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी।
जेलेंस्की: सम्मानजनक शांति से ही समझौता
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी दोहराया है कि वह रूस के सामने समर्पण नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यूक्रेन शांति चाहता है, लेकिन किसी भी समझौते में देश के हितों और सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा।
ड्रोन हमले के दावे पर विवाद
इसी बीच, यूरोपीय संघ ने आरोप लगाया है कि शांति वार्ता को कमजोर करने के लिए ही रूस ने पुतिन के आवास पर ड्रोन हमले की कोशिश का दावा किया। यूरोपीय संघ का कहना है कि रूस वास्तव में युद्ध समाप्त करने के पक्ष में नहीं है। हालांकि, अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA ने रूस के उस दावे को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि यूक्रेन ने 28-29 दिसंबर की रात नोवगोरोद स्थित पुतिन के आवास पर 91 ड्रोन से हमला करने की कोशिश की थी। CIA के मुताबिक, इस दावे के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।
रूस का पलटवार
CIA के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रूस ने कहा है कि वह यूक्रेनी ड्रोन हमले से जुड़े ठोस साक्ष्य जल्द अमेरिका को सौंपेगा।
Comments are closed.