गायक जुबिन गर्ग की मौत रहस्य में घिरी, परिवार ने की जांच की मांग, CID ने FIR दर्ज की

3

जुबिन गर्ग की मौत पर नया मोड़, परिवार ने FIR दर्ज कराई – CID ने शुरू की जांच

गुवाहाटी: मशहूर गायक और संगीतकार जुबिन गर्ग की मौत का मामला अब और गहराता जा रहा है। परिवार ने इसे सामान्य मौत मानने से इंकार करते हुए असम CID में औपचारिक तौर पर FIR दर्ज कराई है। परिवार का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम में गंभीर लापरवाही और साज़िश शामिल है, इसलिए विस्तृत जांच ज़रूरी है।

परिवार की शिकायत

सूत्रों के अनुसार, जुबिन की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग, बहन पामी बार्थाकुर और चाचा ने मिलकर ईमेल के माध्यम से शिकायत दी। FIR में फेस्टिवल आयोजक, मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा समेत उन सभी लोगों के नाम शामिल किए गए हैं, जो सिंगापुर में पार्टी के दौरान मौजूद थे। खासतौर पर श्यामकानु महंता और सिद्धार्थ शर्मा को सीधे तौर पर नामजद किया गया है।

परिवार का कहना है कि जुबिन की मौत एक “साधारण घटना” नहीं बल्कि “गंभीर लापरवाही और संभावित षड्यंत्र” का नतीजा है। उन्होंने मांग की है कि हर संबंधित व्यक्ति की भूमिका की बारीकी से जांच हो।

CID की कार्रवाई

असम CID ने FIR दर्ज होने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है। एजेंसी का कहना है कि लगाए गए सभी आरोपों की पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ जांच होगी।

सरकार की सख्ती

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मामले में नामजद आयोजक श्यामकानु महंता और मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया गया है। इसके अलावा सिंगापुर में मौजूद आठ असमी नागरिकों को भी समन भेजा गया है और उन्हें 6 अक्टूबर तक गुवाहाटी स्थित CID मुख्यालय में पेश होने का आदेश दिया गया है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि समन भारतीय दूतावास के माध्यम से भेजे गए हैं और इंटरपोल की मदद से दोनों मुख्य आरोपियों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि वे किसी अन्य देश भाग न सकें।

परिवार की मांग

परिवार का कहना है कि उनका एक ही मकसद है – जुबिन गर्ग की मौत के सच का पता लगाना और दोषियों को सज़ा दिलाना। अब सबकी नज़र CID की जांच और सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

Comments are closed.