इंदौर में दूषित पानी पीड़ितों से राहुल गांधी की मुलाकात, कांग्रेस ने तेज किए आंदोलन के संकेत

4

दूषित पेयजल से 24 लोगों की मौत और 3,300 से अधिक लोगों के बीमार होने के मामले में प्रभावित परिवारों का हाल जानने के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचेंगे।

वह अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात करेंगे और भागीरथपुरा क्षेत्र में मृतकों के परिजनों से भी मिलेंगे। पीड़ित परिवारों से मुलाकात के लिए कांग्रेस ने प्रशासन को चार घरों की सूची सौंपी है, लेकिन शुक्रवार शाम तक यह तय नहीं हो सका कि राहुल गांधी सभी घरों तक पहुंच पाएंगे या नहीं। भागीरथपुरा की संकरी गलियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। सीआरपीएफ और अन्य एजेंसियों ने सुरक्षा कारणों से क्षेत्र में प्रवेश पर आपत्ति जताई है, क्योंकि आपात स्थिति में कारकेड को निकालने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर राहुल गांधी पैदल चलकर भी पीड़ितों के घरों तक जाएंगे।

इस बीच, भागीरथपुरा कांड को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। राहुल गांधी की इंदौर यात्रा के साथ ही 17 जनवरी को मध्य प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस उपवास करेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी शनिवार सुबह 11 बजे विशेष विमान से इंदौर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं से मुलाकात के बाद वह 11:45 बजे शहर के एक निजी अस्पताल जाकर भर्ती मरीजों का हाल जानेंगे। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे भागीरथपुरा बस्ती पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे और करीब एक घंटे बाद 1:45 बजे रवाना हो जाएंगे। बताया गया है कि राहुल गांधी ने छह माह के आव्यान के परिवार से मिलने की विशेष इच्छा जताई है।

सुमित्रा महाजन की प्रतिक्रिया

राहुल गांधी की यात्रा से एक दिन पहले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी शुक्रवार को पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के इंदौर स्थित निवास पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह मार्गदर्शन लेने आए थे। इस दौरान महाजन ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए विरोध स्वाभाविक है, लेकिन समाधान निकालना भी उतना ही जरूरी है। दूषित जल संकट के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने आईआईटी, आईआईएम और एसजीएसआईटी जैसे संस्थानों के विशेषज्ञों की मदद लेने का सुझाव दिया।

Comments are closed.